ABC News: कानपुर में सीसामऊ, आर्यनगर के बाद अब बिठूर विधानसभा की राजनीति भी गर्मा गई हैं. पिछले दिनों भीतरगांव में भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा के एक वायरल वीडियो पर सपा मुखिया ने जिस तरह से कटाक्ष किया और फिर उसके बाद बिठूर विधानसभा से तैयारी कर रहे पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला ने हमले बोले.
उसके बाद भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा तिलमिला गए हैं. रविवार को प्रेस कांफ्रेंस करते हुए भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने इस बात पर आश्चर्य जताया कि सपा मुखिया को आखिरकार एक एक विधानसभा के मामले देखने का समय कैसे मिल जाता है. इस दौरान, सपा शासनकाल में हुए कामों को लेकर भी उन्होंने हमला बोला. सपा मुखिया पर कानपुर को बदनामपुर कहने पर भी सवाल उठाए. इसके बाद अपने प्रतिद्वंदी और पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला पर हमला बोला. मुनींद्र शुक्ला के कटाक्ष को लेकर कहा कि शायद उन्हें ऊपर से डांट पड़ी है, तभी ऐसा बोल रहे हैं, उन्होंने इस बात पर सवाल उठाए कि इतने वर्षों में मुनींद्र शुक्ला ने जनसमस्याओं को लेकर कुछ नहीं किया और अब जब चुनाव आ रहे हैं, तो बरसाती मेंढक की तरह चालू हो गए हैं. बिजली संकट दूर करने के लिए किए जा रहे कार्यों के साथ ही उन्होंने एक दर्जन से ज्यादा सड़कोें के निर्माण को गिनाते हुए मुनींद्र शुक्ला पर पलटवार किया.विधायक सांगा ने कहा कि अगर उनके विकास को देखेंगे तो सपा के पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला के काले चश्मे का नंबर तक बदल जाएगा.

