ABC News: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कानपुर में बड़ा बयान दिया है. उनका कहना है कि समाजवादी पार्टी के 25 से 26 सांसद टूटने को तैयार बेठे हैं, हम लोग उन्हें तोड़ ही नहीं रहे हैं. डिप्टी सीएम ने कहा कि 2027 में यह लोग अपने आप टूट कर ही चला जाएंगे. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का संचालन अखिलेश यादव के गलियारे से नहीं चलेगा.
सपा के ब्राह्मण सम्मेलन पर उन्होंने कहा कि किसी भी सम्मेलन से उन्हें कोई फायदा नहीं होने वाला है. सपा सैफई जाएगी और भाजपा लखनऊ में रहेगी. वहीं, टीएमसी समेत अन्य पार्टियों में हो रही टूट पर उन्होंने कहा कि जो पार्टियां टूट रहीं हैं, उन्हें बचाने का काम भाजपा का नहीं है, इनमें से कोई भी भाजपा में नहीं आया है. उन लोगों को अपना राजनैतिक भविष्य अंधकार में दिख रहा था. साउथ सिटी में 100 बेड के अस्पताल पर कहा कि इस पर कार्यवाही आगे बढ़ रही है.
चोरी करने वालों पर चलेगी हनुमान जी की गदा
राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी के मामले को लेकर चल रहे आरोपों प्रत्यारोपों के बीच डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर जो भी सच है, वह बहुत जल्दी सामने आएगा. उसकी जांच पड़ताल चल रही है. उन्होंने कहा कि राम मंदिर आस्था और श्रद्धा का विषय है, जांच से सारी बातें सामने आएंगी और जिसने भी यह कृत्य किया है, उसके उपर हनुमान जी गदा चलेगी. वहीं, पीएम मोदी के 12 साल के कार्यकाल को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि यह समय सेवा, विकास और विश्वास जीतने का रहा है. भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दृष्टि से पिछले 12 वर्षों में जो काम हुए हैं, वह कांग्रेस को अगर 120 साल भी मिलते तो नहीं कर सकती थी. उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण के लिए किसी ने इतना काम नहीं किया, जितना पीएम मोदी ने किया है. वहीं, सपा सांसद के बहुसंख्यकों पर दिए गए बयान पर कहा कि हिंदू समाज में एकजुटता हुई है, उन्हें इस पर गर्व है, डिप्टी सीएम ने कहा कि हिंदू किसी को सताने वाला नहीं बल्कि सभी को साथ लेकर चलने वाला समाज है. इस तरह का जहर उगलने का जो काम कर रहे हैं, वह यह जान लें कि 2027 के चुनावों में जनता सपा का सूपड़ा साफ कर देगी और तब वह लोग माफी मांगते हुए घूमेंगे. महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण को उन्होंने बीजेपी का संकल्प बताया.

