ABC News: भारतीय टीम के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का श्रीलंकाई खिलाड़ियों के साथ विवाद हो गया. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी सिर्फ बल्ले से ही आक्रामक नहीं है बल्कि जरूरत पड़ने पर वह स्वाभाव से भी आक्रामक हो सकते हैं. ये बात सोमवार को देखने को मिली जब श्रीलंका-ए के खिलाड़ियों ने वैभव को स्लैज किया और उनसे लड़ाई की. वैभव पीछे नहीं हटे और अकेले श्रीलंकाई टीम से भिड़ गए. दरअसल, श्रीलंका ए ने सोमवार को त्रिकोणीय सीरीज में इंडिया ए को सुपर ओवर में हरा दिया.

मैच टाई होने के बाद श्रीलंका ए ने सुपर ओवर में 16 रन बनाए, लेकिन जवाब में इंडिया ए सिर्फ नौ रन ही बना पाई. भारत के मैच हारते ही जोश में आकर श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने वैभव को कुछ कहा, इससे 15 साल का भारत का उभरता सितारा भड़क गया और श्रीलंकाई खिलाड़ियों के साथ उनकी धक्का-मुक्की हो गई. इससे पहले विवाद और बढ़ता वैभव के साथी बल्लेबाज सूर्यांश शेडगे उन्हें दूर ले गए. हालांकि वैभव का गुस्सा तब भी शांत नहीं हुआ और वह मैदान से बाहर जाते हुए भी इशारे करते नजर आए. मैच में वैभव पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 21 रन ही बना पाए थे और सुपर ओवर में भी वह कुछ खास नहीं कर पाए. पहली गेंद पर डबल, दूसरी गेंद पर चौका और तीसरी गेंद पर एक भी रन नहीं बना पाए. इससे पहले, भारत-ए और श्रीलंका-ए के बीच सोमवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले का फैसला सुपर ओवर में हुआ, जहां मेजबान श्रीलंका-ए ने भारत-ए को छह रन से हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया. निर्धारित 50 ओवर में दोनों टीमों ने 265-265 रन बनाए, जिसके बाद मैच सुपर ओवर तक पहुंचा. टाई होने के बाद मुकाबले का फैसला सुपर ओवर से हुआ. पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका-ए ने सुपर ओवर में 16 रन बनाए और भारत-ए के सामने 17 रन का लक्ष्य रखा. जवाब में भारत-ए की टीम दबाव में बिखर गई और सिर्फ 10 रन ही बना सकी. इस तरह श्रीलंका-ए ने सुपर ओवर में छह रन से जीत दर्ज कर ली. इस जीत के साथ श्रीलंका-ए ने तीन अंक हासिल किए और अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई. वहीं, भारत-ए को टूर्नामेंट में दूसरी हार का सामना करना पड़ा.

