ABC News: देश को महंगाई के मोर्चे पर एक और बड़ा झटका लगा है. मई 2026 में थोक मूल्य सूचकांक (WPI) आधारित महंगाई बढ़कर 9.68 फीसदी पर पहुंच गई, जो अप्रैल में 8.26 फीसदी थी. नई WPI सीरीज (आधार वर्ष 2022-23) के तहत यह अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है. ईंधन, कच्चे तेल, बिजली, खाद्य पदार्थों और मैन्युफैक्चरिंग उत्पादों की कीमतों में तेज बढ़ोतरी ने महंगाई को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है.

रिपोर्ट्स के अनुसार, मई में महंगाई 43 महीने में सबसे ज्यादा है. सितंबर 2022 में ये 10.70% पर पहुंच गई थी. कॉमर्स मिनिस्ट्री ने आज यानी 15 जून को थोक महंगाई के आंकड़े जारी किए हैं. महंगाई बढ़ने की वजह रोजमर्रा की जरूरत के सामान और फ्यूल के दाम बढ़ना है. इसके अलावा अनाज और तेल भी महंगा हुआ है. दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच साढ़े तीन महीने से तनाव है. स्थितियां सामान्य नहीं हुईं तो महंगाई और बढ़ सकती है. अर्थशास्त्रियों का मानना है कि थोक मूल्य में इस तीव्र उछाल का देश की ब्याज दरों पर तुरंत कोई सीधा असर नहीं पड़ेगा. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) खुदरा महंगाई को 4% (2% से 6% के दायरे में) पर रखने का लक्ष्य रखता है. आरबीआई ने अपनी जून की बैठक में ब्याज दरों को स्थिर रखा है, ताकि वह ईंधन की ऊंची कीमतों के अन्य क्षेत्रों पर पड़ने वाले असर की समीक्षा कर सके. मई के आंकड़ों में सबसे ज्यादा आग ईंधन और ऊर्जा की कीमतों ने लगाई है. मई में थोक ईंधन और बिजली की कीमतें सालाना आधार पर 30.33% बढ़ गईं, जबकि अप्रैल में यह आंकड़ा 24.89% था. इस सेक्टर में सालाना आधार पर 61.51% की रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है. फरवरी के अंत में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में 27% का उछाल आया था. इसी दबाव के चलते भारत की सरकारी तेल कंपनियों को मई में चार बार पेट्रोल-डीजल के रिटेल दाम बढ़ाने पड़े थे. ईंधन के साथ-साथ अन्य प्रमुख सेक्टरों में भी महंगाई का ग्राफ ऊपर गया है. अप्रैल में 2.43% की बढ़त के बाद मई में खाद्य वस्तुओं की थोक महंगाई दर 3.60% पर पहुंच गई. विनिर्मित उत्पादों (Manufactured Products) की कीमतें अप्रैल के 6.68% के मुकाबले मई में 7.48% की दर से बढ़ी हैं. मई के इस रिलीज के साथ सरकार ने पहली बार नए प्रोड्यूसर प्राइस इंडिकेटर्स (PPI) की भी शुरुआत की है. इसमें एक आउटपुट पीपीआई, एक ट्रायल इनपुट पीपीआई और एक सर्विसेज पीपीआई शामिल है. यह सर्विसेज पीपीआई देश के 7 प्रमुख सेक्टरों—बैंकिंग, सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन, पेंशन फंड मैनेजमेंट, इंश्योरेंस, रेलवे, हवाई यात्री परिवहन और टेलीकम्युनिकेशन को कवर करता है. रॉयटर्स की गणना के अनुसार, मई में उत्पादक कीमतें (Producer Prices) 9.38% की दर से बढ़ी हैं.

