ABC News: कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके के साथ जयपुर में प्रदर्शन के दौरान धक्कामुक्की और हंगामा देखा गया. शहीद स्मारक पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान एक शख्स ने अभिजीत को थप्पड़ जड़ दिया. इस घटना के बाद अभिजीत के कार्यक्रम में आए लोगों ने थप्पड़ मारने वाले शख्स की जमकर कुटाई भी की. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिजीत दीपके युवाओं से जुड़े मुद्दों, बेरोजगारी और परीक्षा अनियमितताओं को लेकर जयपुर में एक प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे. इसी दौरान प्रदर्शनकारियों और भीड़ का फायदा उठाकर एक युवक उनके बेहद करीब पहुंच गया. इससे पहले कि वहां मौजूद समर्थक या सुरक्षाकर्मी कुछ समझ पाते, युवक ने दीपके के गाल पर एक जोरदार तमाचा मार दिया. प्रदर्शन के दौरान हुए विवाद और थप्पड़ मारने की घटना के बाद कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया. फिलहाल घटना को लेकर पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. बता दें, अभिजीत दीपके और उनकी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पिछले कुछ समय से इंटरनेट पर एक बड़ा डिजिटल मूवमेंट बन चुकी है. युवाओं के रोजगार, पेपर लीक (जैसे NEET और अन्य परीक्षाएं) और प्रशासनिक कमियों पर मीम्स और व्यंग्य के जरिए तंज कसने वाले इस ग्रुप ने हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी एक बड़ा छात्र प्रदर्शन आयोजित किया था.

