ABC News: कानपुर में भगवतदास घाट बस्ती में बने मकानों को खाली करने के नोटिस के बाद यहां के निवासियों में हड़कंप मचा है. बस्ती के निवासी नोटिस मिलने के बाद इस बात से परेशान हैं कि बसी बसाई गृहस्थी छोड़कर कहां पर जाएंगे.
बस्ती के लोगों का कहना है कि वहां पर 780 घर बने हुए हैं और 20 तारीख नोटिस की आखिरी तारीख है. इसके बाद सभी मकानों को ध्वस्त करने की बात कही गई है. नोटिस मिलने से परेशान बस्ती के निवासियों ने रविवार को सांसद रमेश अवस्थी केा अपना दुखड़ा बताया.
उन्होंने बताया कि बच्चे स्कूल में पढ़ रहे हैं और उनके पास दूसरा घर नहीं है, ऐसे में जब तक वैकल्पिक व्यवस्था न हो, तब तक उन लोगों को वहां से न हटाया जाए. सांसद ने बस्ती निवासियों को डीएम से बात करने का भरोसा दिया है.
सांसद ने कहा कि सरकार ने वैकल्पिक व्यवस्था न होने तक किसी को न हटाने की बात कही है, ऐसे में बस्ती के लोगों को पहले वैकल्पिक व्यवस्था कराने पर जोर होगा.

