ABC News: कानपुर में बिठूर थानाक्षेत्र में रॉन्ग साइड से आ रहे लोडर ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि बाइक पर सवार चार अन्य बच्चे घायल हो गए. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची बिठूर पुलिस ने आनन फानन में घायल बच्चों को गंभीर हालत में एंबुलेंस से भेजकर हैलट अस्पताल में भर्ती कराया है.
बताया जा रहा है कि आईआईटी सोसाइटी में रहने वाले अवनीश कुमार यादव का मंधना में भी घर है. परिजनों ने बताया कि रविवार दोपहर अवनीश अपनी बाइक से आईआईटी सोसाइटी स्थित अपने घर में आ रहे थे. बाइक में अवनीश के साथ उनके दोनों बच्चे और भाई के दोनों बच्चे सवार थे. नारामऊ में वैष्णों देवी मंदिर के पास एनएच 34 की सर्विस रोड पर विपरीत दिशा से आ रही लोडर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. जिससे अवनीश उछलकर दूर जा गिरे.
घटना के बाद स्थानीय लोगोें की भीड़ जुट गई, पुलिस को सूचना दी गई तो जब तक वह पहुंचती. तब तक मौका देखकर लोडर चालक फरार हो गया. बताया जा रहा है कि घटना में अवनीश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार हरिओम, कृष्णा, रोली और एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए. जिन्हें उपचार के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
वहीं, जब घटना की सूचना उनके घर पहुंची तो कोहराम मच गया. हैलट अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया.

