ABC News: भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट मैच मुल्लांपुर में जारी है. टीम इंडिया ने लगातार मुकाबले पर दबदबा बना रखा है. मैच में पहले सेशन में ही टीम इंडिया के डेब्यूटेंट मानव सुथार चर्चा में आ गए. अपने टेस्ट करियर की चौथी ही गेंद पर विकेट लेकर इस युवा ने अपने डेब्यू को यादगार बनाया. न सिर्फ डेब्यू उनके लिए खास था बल्कि एक भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक लम्हां भी था. मानव सुथार ने 25 साल का सूखा खत्म करते हुए चुनिंदा खिलाड़ियों की लिस्ट में एंट्री मारी है.

भारत ने मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. टीम इंडिया की तरफ से केएल राहुल ने 100, साई सुदर्शन ने 81, कप्तान शुभमन गिल ने 126 और वाशिंगटन सुंदर ने 52 रन की पारी खेली. इन पारियों की बदौलत भारत ने स्कोरबोर्ड पर 564 रन टांग दिए. जब टीम इंडिया की गेंदबाजी आई तो कप्तान गिल ने टी ब्रेक से पहले ही मानव सुथार को गेंद थमा दी और वह उम्मीदों पर खरे उतरे. 23 साल के सुथार ने अपनी छाप छोड़ने में अपनी चौथी ही गेंद पर विकेट झटका और अब्दुल मलिक स्वीप शॉट खेलने की कोशिश जाल में फंस गए. टॉप एज लगकर गेंद सीधा मोहम्मद सिराज के हाथों में गई. सभी ने इस विकेट का जश्न मनाया क्योंकि इस विकेट से 25 साल का सूखा खत्म हुआ था. सुथार भारत के ऐसे 8वें गेंदबाज बने हैं, जिन्होंने अपने करियर के पहले ही ओवर में विकेट झटका है. मानव सुथार ने पूरे दिन शानदार खेल दिखाया. उन्होंने दूसरे दिन के खेल की आखिरीं गेंद पर भी विकेट अपने नाम किया. कुल 3 विकेटों के साथ उन्होंने दिन खत्म किया. 2 विकेट प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों आए. दो दिन के खेल के बाद भारतीय टीम 451 रन से आगे चल रही है.
25 साल से नहीं हुआ ऐसा
25 साल से भारतीय क्रिकेट में ऐसा कोई गेंदबाज नहीं आया है, जिसने अपने करियर के पहले ही ओवर में विकेट झटका हो. इस खास क्लब में मोंटू बनर्जी (बनाम वेस्ट इंडीज, 1948), मनोहर हार्डिकर (बनाम वेस्ट इंडीज, 1958), वामन कुमार (बनाम पाकिस्तान, 1961), चेतन शर्मा (बनाम पाकिस्तान, 1984), डब्ल्यूवी रमन (बनाम वेस्ट इंडीज, 1988), नीलेश कुलकर्णी (बनाम श्रीलंका, 1997) और टीनू योहानन (बनाम इंग्लैंड, 2001) शामिल हैं.

