ABC News: एक तरफ जहां साउथ सिटी में लोग मेट्रो के दौड़ने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, वहीं, मेट्रो के निर्माण के बाद पाइप लाइन लीकेज सही न होने और सड़क निर्माण न होने को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है. इसी के विरोध में बारादेवी से जूही जाने वाली सड़क पर स्थानीय निवासियों के साथ पूर्व पार्षद ने प्रदर्शन किया.
क्षतिग्रस्त सड़क पर जहां पर पानी भरा था, वहीं पर पूर्व पार्षद सुनील कनौजिया गंदे पानी में लेटकर मेट्रो के खिलाफ नारेबाजी करते रहे. पूर्व पार्षद का कहना था कि जब से मेट्रो का यहां पर काम शुरू हुआ था, तब से वह लोग दुश्वारियां झेेल रहे हैं, पहले लंबे समय तक सीवर भराव की समस्या रही. अब पाइप लाइन लीकेज और क्षतिग्रस्त सड़क को बनवाने की वह लोग मांग रहे हैं.
इस दौरान उन्होंने यहां पर दंडवत होकर क्षतिग्रस्त सड़क का पूजन किया. उन्होंने कहा कि अगर मेट्रो के अफसर नहीं सुनते हैं तो यूपीएमआरसी कार्यालय पर अगला प्रदर्शन वह लोग करेंगे.

