ABC News: पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस के भीतर जारी घमासान अब और तेज हो गया है. निष्कासित और निलंबित नेताओं के बयानों ने पार्टी के अंदर बड़े विभाजन के संकेत दे दिए हैं. टीएमसी के बागी नेता ऋतब्रत बनर्जी ने दावा किया है कि विधानसभा स्पीकर ने उनके 58 विधायक दल वाले गुट की दावेदारी स्वीकार कर ली है. उन्हें इस विधायक दल ने नेता विपक्ष के तौर पर चुना है.

रिपोर्ट्स के अनुसार, टीएमसी के बागी धड़े की एक बैठक बुलाई गई थी. इस बैठक में कुल 80 विधायकों में से 58 विधायकों ने ऋतब्रत बनर्जी के पक्ष में मतदान किया और उन्हें सर्वसम्मति से अपने विधायक दल का नेता चुन लिया.दावों के अनुसार, 2 अन्य विधायक भी लगातार इस नए गुट के संपर्क में बने हुए हैं, जिससे बागी गुट का पलड़ा भारी नजर आ रहा है. ऋतब्रत बनर्जी को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में आधिकारिक तौर पर मान्यता भी मिल गई है. मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा, “विधानसभा अध्यक्ष ने मुझे विपक्ष के नेता के तौर पर अपनी मंजूरी दे दी है. अब मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ नेता प्रतिपक्ष के कर्तव्यों का निर्वहन करूंगा.” नए विपक्षी गुट ने चार नेताओं को डिप्टी लीडर की जिम्मेदारी सौंपी है. इनमें जावेद अहमद खान, सबीना यास्मीन, संदीपन साहा और सिउली साहा शामिल हैं. ऋतब्रत बनर्जी ने कहा, “ममता बनर्जी हमारी नेता हैं, वह हमारी एडवाइजर रहेंगी और हमें भविष्य में भी उनका मार्गदर्शन चाहिए.” ऋतब्रत बनर्जी ने विधानसभा के भीतर अपने गुट को ही असली टीएमसी विधायक दल बताया है. उन्होंने कहा कि यह उन 58 विधायकों की टीम है जो पार्टी के चुनाव चिन्ह (सिंबल) पर जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं.

