ABC News: भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट 6 जून से खेला जाना है. वहीं, वनडे सीरीज का आगाज 14 जून से होगा. इन दो बड़ी सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने बड़ा ऐलान कर दिया है. टीम इंडिया के साथ एक नया नाम जुड़ गया है. बीसीसीआई ने 6000+ रन और 600+ विकेट लेने वाले ऑलराउंडर को टीम में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. इस दिग्गज ने भारत के लिए 2 टेस्ट और 8 वनडे मैच अभी तक खेले हैं.

बीसीसीआई ने अपनी ऑफीशियल मीडिया रिलीज में लिखा, ‘बीसीसीआई को यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि श्री साईराज बहुतुले को भारतीय क्रिकेट टीम (सीनियर पुरुष) का स्पिन बॉलिंग कोच नियुक्त किया गया है. भारत के पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी और घरेलू क्रिकेट के दिग्गज, श्री बहुतुले अपने साथ एक खिलाड़ी और एक कोच, दोनों ही रूपों में ढेर सारा अनुभव लेकर आए हैं.” बीसीसीआई ने आगे लिखा, “पिछले कुछ सालों में, उन्होंने घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में स्पिन-बॉलिंग प्रतिभाओं को निखारने और विकसित करने के लिए एक मज़बूत पहचान बनाई है. श्री बहुतुले ने भारत के लिए दो टेस्ट और आठ एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय (ODI) मैच खेले हैं और उनका प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर लगभग दो दशकों तक चला और काफी शानदार रहा. घरेलू सर्किट में एक बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी के तौर पर, उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 6176 रन बनाए और 630 विकेट लिए, जिससे उन्होंने खुद को इस खेल के बेहतरीन ऑलराउंडरों में से एक के रूप में स्थापित किया.” एक शानदार खेल करियर के बाद बहुतुले ने कोचिंग करियर में भी पहचान बनाई. उनके कोचिंग करियर में घरेलू, पाथवे और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट शामिल हैं, जिसमें विदर्भ, केरल, गुजरात और बंगाल के मुख्य कोच के तौर पर उनका कार्यकाल भी शामिल है।. उन्होंने IPL फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के साथ स्पिन-बॉलिंग कोच के तौर पर भी काम किया है.
2022 में U19 टीम को जिताया खिताब
बहुतुले की कोचिंग में 2022 में ICC अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप जीता. उस दौरान बहुतुले जीतने वाली भारतीय टीम के बॉलिंग कोच थे और 2024 में हुए इस टूर्नामेंट के संस्करण में भी कोचिंग स्टाफ का हिस्सा थे. उन्होंने ‘इंडिया ए’ और सीनियर पुरुष टीम के साथ एक विशेषज्ञ बॉलिंग कोच के तौर पर कई असाइनमेंट पर बड़े पैमाने पर काम किया है. और 2021 से 2024 तक BCCI की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (अब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) में कोचिंग सेटअप के एक अहम सदस्य रहे हैं.अपनी नियुक्ति पर, श्री बहुतुले ने कहा, “भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का स्पिन बॉलिंग कोच नियुक्त होना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है. एक खिलाड़ी के तौर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बहुत गर्व की बात थी और एक कोच के तौर पर भारतीय क्रिकेट में एक बार फिर योगदान देने का यह मौका मेरे लिए बेहद खास है. मैं खिलाड़ियों के साथ काम करने और सभी फॉर्मेट में टीम की बेहतरीन प्रदर्शन की कोशिशों में उनका साथ देने के लिए उत्सुक हूं.”

