ABC News: तमिलनाडु के बीजेपी नेता के अन्नामलाई के नई पार्टी बनाने की चर्चाएं जोरों पर हैं, हालांकि, इसको लेकर किसी ने अभी तक अधिकाधिक पुष्टि नहीं की है. अन्नामलाई के नई पार्टी बनाने की इन अटकलों को और हवा तब मिली, जब उनसे पूछा गया कि क्या आप नई पार्टी बनाने जा रहे हैं, तब अन्नामलाई ने इन खबरों को खारिज नहीं किया. अन्नामलाई ने कहा, ‘कृपया इंतजार करें. हम दो दिनों में बैठकर बात करेंगे.’

गौरतलब हो कि पूर्व IPS अधिकारी अन्नामलाई 2020 में BJP में शामिल हुए थे और इन्होंने 2021 से 2025 तक पार्टी के तमिलनाडु अध्यक्ष के रूप में कार्य किया. अपने कार्यकाल के दौरान, वह राज्य में पार्टी के सबसे प्रमुख चेहरों में से एक बनकर उभरे. उन्होंने पूरे राज्य में अभियान चलाए और युवाओं तथा सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं के बीच काफी समर्थन हासिल किया. BJP नेतृत्व के साथ बढ़ते मतभेदों की खबरों के बीच अन्नामलाई की तरफ से यह बयान तब सामने आया है, जब तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के बाद ये कयास लग रहे हैं कि वे एक नया राजनीतिक रास्ता अपना सकते हैं. अन्नामलाई के जन्मदिन से पहले कोयंबटूर में उनके समर्थकों ने विशाल पोस्टर लगा दिए हैं. इन पोस्टरों पर ‘हमारे नेता, आओ और हमारा नेतृत्व करो’ जैसे नारे लिखे हैं. इन पोस्टरों से अन्नामलाई के नई पार्टी बनाने की अटकलें और तेज हो गई हैं. इन पोस्टरों को व्यापक रूप से उनके समर्थकों द्वारा शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है. इस बीच बीजेपी सांसद दिनेश शर्मा का बयान सामने आया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने कहा है कि सोशल मीडिया पर चल रही सभी बातें सच हों, यह जरूरी नहीं है. ऐसा संभव नहीं है. फिलहाल, अन्नामलाई बीजेपी से जुड़े हुए हैं. एक कुशल पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर काम कर रहे हैं. एक समर्पित और सक्षम कार्यकर्ता के रूप में वे संगठन के लिए उपयोगी हैं. इससे पहले खबर आई थी कि तमिलनाडु में बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई राज्य में एक नया आंदोलन शुरू करने जा रहे हैं. उनका लक्ष्य समान विचारधारा वाले लोगों को जोडऩा है. एक मजबूत स्वयंसेवक का आधार तैयार करना है. ऐसी खबर है कि मक्कल शक्ति अय्यकम जन शक्ति आंदोलन शुरू कर सकते हैं. यह आंदोलन ही उनकी अलग पार्टी होगी. वहीं, इस पूरे मामले पर अन्नामलाई की तरफ से किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं आई है.

