ABC News: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया. लोकभवन में उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, गृह मंत्री जी परमेश्वर समेत कई अन्य पार्टी नेताओं के साथ पहुंचे सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान के कहने पर उन्होंने मुख्यमंत्री पद छोड़ने का फैसला लिया है. कर्नाटक की जनता का आभार प्रकट करते हुए सिद्धारमैया ने कहा कि वे बतौर मुख्यमंत्री सेवा का मौका देने के लिए राज्य की जनता के आभारी हैं.

उन्होंने जनप्रतिनिधि के रूप में विधानसभा में विपक्ष के नेता की तरह काम करने के दिनों को भी याद किया. सिद्धारमैया ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा, ‘हाईकमान ने कहा कि राज्यसभा जाओ, मैंने विनम्रता से टाल दिया. मुझे जनता ने 5 साल के लिए चुना है. मैं यही रहकर राजनीति करूंगा. मैं सक्रिय राजनीति में रहूंगा. साम्प्रदायिक ताकतों से लड़ता रहूंगा.’ सिद्धारमैया ने बताया कि राज्यपाल बंगलूरू में नहीं है, इसलिए उन्होंने राज्यपाल के सचिव को अपना इस्तीफा सौंपा है. सिद्धारमैया ने कहा, ‘मैंने पहले भी कहा था कि जब भी पार्टी आलाकमान उन्हें कहेगा, वे अपना इस्तीफा दे देंगे. अब पार्टी आलाकमान ने मुझे दो दिन पहले इस्तीफा देने को कहा, इसलिए आज मैंने अपना इस्तीफा दे दिया. राज्यपाल जब बंगलूरू आएंगे, तब वे उनके इस्तीफा को स्वीकार करेंगे. उन्होंने आगे कहा, मुझे पूरा भरोसा है कि राज्यपाल संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार मेरा इस्तीफा स्वीकार कर लेंगे.

सिद्धारमैया ने कहा, ‘हमारे पास पूर्ण बहुमत है. इसलिए, यह संवैधानिक है कि सरकार बनाने (मुख्यमंत्री) की अनुमति दी जाए. मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे का तहे दिल से आभार व्यक्त करना चाहूंगा, जिन्होंने मुझे यह अवसर प्रदान किया.’ सिद्धारमैया ने कहा, ‘मैं कभी अधिकारी और पैसों के पीछे नहीं भागा हूं, प्रॉपर्टी नहीं बनाई. मतदाता की सेवा ही मेरे लिए जरूरी है. 50 साल की राजनीति की है. मेरा राजीनीतिक जीवन एक ओपन बुक है.’

