ABC News: कानपुर में केडीए ने अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की. केडीए अफसरों ने फत्तेपुर में करीब 66 बीघा जमीन पर हो रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया. यही नहीं केडीए अफसरों ने बिनगवां, रमईपुर, सेन पश्चिम पारा, बिधनू आदि स्थानों पर बड़ी संख्या में हो रही अवैध प्लॉटिंग को चिंह्ति किया गया है, जिसे जल्द ध्वस्त करने की बात कही गई है.

केडीए अफसरों के मुताबिक, फत्तेपुर में मनोज सिंह भदौरिया और अन्य बिल्डरों की तरफ से आराजी संख्या- 454, 456, 472, 473, 474, 475, 478 में करीब 66 बीघा जमीन पर अवैध रूप से प्लॉटिंग कराई जा रही थी. इसका नक्शा केडीए से पास नहीं कराया गया था. यहां पर कई अवैध निर्माण भी हो चुके थे. बुधवार को दलबल के साथ पहुंचे केडीए अफसरों ने चार बुलडोजरेां की मदद से अवैध प्लॉटिंग और अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए.

केडीए के प्रवर्तन जोन तीन के ओएसडी डॉ रवि प्रताप सिंह ने बताया कि बिनगवां, रमईपुर, सेन पश्चिम पारा, बिधनू आदि स्थानों पर बड़ी संख्या में हो रही अवैध प्लॉटिंग को चिंह्ति किया गया है. इसमें बिनगवां मौरंग मंडी में राम सजीवन यादव द्वारा दो हजार वर्ग मीटर में प्लॉटिंग की जा रही है, इसी तरह टीकापुर बिगनवां में डॉ प्रभाकर द्वारा तीन बीघा. रमईपुर में धर्मेंद्र, महेंद्र द्वारा तीन बीघा. बिधनू में सूरज एंड संस् बिल्डकॉन द्वारा 36 हजार वर्गमीटर जमीन पर अवैध प्लॉटिंग हो रही है. सेन पश्चिम पारा मेें श्याम सोसाइटी की तरफ से चार बीघा जमीन पर हो रही अवैध प्लॉटिंग को जल्द ध्वस्त करने की बात कही गई है.

