ABC News: स्मार्ट प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड में बदलने की प्रक्रिया के बीच अब मई माह का बिल उपभोक्ताओं के पास जून में आएगा. उपभोक्ताओं के मोबाइल पर यह बिल 10 जून तक एसएमएस या फिर वॉट्सऐप के जरिए पहुंचेगा. इसकी जानकारी देते हुए केस्को एमडी नेहा जैन ने स्मार्ट मीटरों को बेहतर बताया.
केस्को एमडी ने दावा किया कि स्मार्ट मीटर नॉर्मल से बेहतर चलते हैं. उन्होंने बताया कि आरएमएस बैकएंड के माध्यम से सभी प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड में परिवर्तित किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि अगर किसी कारणवश उपभोक्ता को बिल नहीं प्राप्त होता है तो पांच तारीख के बाद मैनुअल आधार पर रीडिंग लेकर 10 तारीख तक उपभोक्ता को बिल मिलेगा. ऐसे में जिन उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर गलत हैं, वह अपनी विद्युत संयोजन संख्या उपलब्ध कराकर उसे हासिल कर सकते हैं. केस्को एमडी ने बताया कि उपभोक्ता बिल और शिकायत के लिए 1912, हेल्पलाइन नंबर, आईवीआरएस के माध्यम से कर सकते हैं. इसके अलावा वॉट्सऐप नंबर 8287835233 भी उपभोक्ता की सुविधा के लिए रखा गया है. उन्होंने बताया कि सभी नए कनेक्शन स्मार्ट मीटर के माध्यम से पोस्टपेड मोड में जारी किए जाएंगे.इसके अलावा सिक्योरिटी मनी चार किस्तों में और पुराना बकाया 10 किस्तों में वसूला जाएगा. अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं को तीन किस्तों में बकाया चुकाने की सुविधा होगी.

