ABC News: उत्तर प्रदेश में योगी मंत्रिमंडल का रविवार को विस्तार हुआ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने जनभवन के गांधी सभागार में नए मंत्रियों को शपथ दिलाई. मंत्रिमंडल के नए सदस्य के रूप में भूपेंद्र सिंह चौधरी, मनोज कुमार पांडेय ने कैबिनेट मंत्री तथा कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर, हंसराज विश्वकर्मा, कैलाश सिंह राजपूत ने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली.

योगी सरकार में राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल व सोमेंद्र तोमर का प्रमोशन हुआ. दोनों राज्यमंत्रियों ने अब राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली. नवनियुक्त मंत्रियों ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पुष्पगुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया. शपथ ग्रहण के उपरांत जनभवन का गांधी सभागार भारत माता की जय व जयश्रीराम के जयकारों से गूंज उठा. गौरतलब है कि भूपेंद्र सिंह चौधरी विधान परिषद सदस्य हैं. वे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि मनोज कुमार पांडे ऊंचाहार सीट से विधायक हैं. वहीं राज्यमंत्री की शपथ लेने वालीं कृष्णा पासवान खागा से, सुरेंद्र दिलेर खैर से और कैलाश सिंह राजपूत तिर्वा से विधायक हैं. हंसराज विश्वकर्मा विधान परिषद सदस्य हैं.

वहीं, मंत्रिमंडल विस्तार में कृष्णा पासवान के राज्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद अब कुल महिला मंत्रियों की संख्या बढ़कर छह हो गई है. योगी आदित्यनाथ सरकार के इससे पहले के मंत्रिमंडल में पांच महिला मंत्री शामिल थीं. प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के 258 विधायक हैं. इनमें 30 महिला विधायक हैं. भाजपा वर्ष 2027 के विधान सभा चुनाव को देखते हुए खासतौर पर महिला, दलित और पिछड़े वर्ग के सामाजिक समीकरणों को साधने के लिहाज से भी इस विस्तार को अहम माना जा रहा है. योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में पहले से पांच महिला मंत्री शामिल थीं. इनमें बेबी रानी मौर्य महिला कल्याण मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही हैं. गुलाब देवी माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं. प्रतिभा शुक्ला महिला कल्याण राज्यमंत्री, रजनी तिवारी उच्च शिक्षा राज्यमंत्री और विजय लक्ष्मी गौतम ग्राम्य विकास राज्यमंत्री के रूप में सरकार में शामिल हैं. अब कृष्णा पासवान को शामिल किए जाने के बाद महिला प्रतिनिधित्व और बढ़ा है. कुल मंत्रियों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व दस प्रतिशत है जबकि भाजपा की महिला विधायकों में मंत्री बनने का प्रतिशत 20 है.

