ABC News: बॉलीवुड में जब भी कोई सुपरहिट जोड़ी सालों बाद साथ आती हैं, तो सोशल मीडिया पर हलचल मच जाती है. साल 2001 की सुपरहिट फिल्म ‘लगान’ आज भी दर्शकों के दिलों में बसी हुई है, जिसमें आशुतोष गोवारिकर और आमिर खान की जोड़ी देखने को मिली थी. अब फिल्म के 25 साल पूरे होने के बाद आमिर और आशुतोष फिर अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स के लिए साथ काम करने वाले है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों एक नई क्रिकेट बेस्ड फिल्म पर काम कर रहे हैं, जो भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी लाला अमरनाथ की जिंदगी से प्रेरित होगी. बताया जा रहा है कि फिल्म की स्क्रिप्ट पर तेजी से काम चल रहा है और इसकी शूटिंग सितंबर 2026 से शुरू हो सकती है. इस बार कहानी पूरी तरह अलग होगी. जहां ‘लगान’ एक काल्पनिक कहानी थी, वहीं नई फिल्म भारत-पाकिस्तान बंटवारे यानी 1947 के दौर पर आधारित बताई जा रही है. फिल्म में लाला अमरनाथ की जिंदगी, संघर्ष और क्रिकेट के सफर को इमोशनल अंदाज में दिखाया जाएगा. खबरों की मानें तो स्क्रिप्ट को लेकर कई रीडिंग सेशंस भी हो चुके हैं. इतना ही नहीं, फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी और राइटर अभिजात जोशी ने भी कहानी को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव दिए हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फिल्म को बड़े स्तर पर बनाने की तैयारी है. इसके लिए लंबी रिसर्च, वर्कशॉप्स और भारी प्री-प्रोडक्शन प्लान किया जा रहा है. साथ ही ऐसी चर्चा भी है कि फिल्म में एक और बड़े अभिनेता की एंट्री हो सकती है, जो लाला अमरनाथ के करीबी दोस्त और कहानी के अहम किरदार में दिखाई देंगे. वर्कफ्रंट की बात करें तो यह फिल्म आमिर खान के आने वाले बड़े प्रोजेक्ट्स की शुरुआत मानी जा रही है. इसके अलावा, ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म पर 2027 के दूसरे हिस्से में काम शुरू हो सकता है.

