ABC News: कानपुर में जरीब चौकी फ्लाईओवर का शुक्रवार को भूमिपूजन हो गया. सांसद रमेश अवस्थी ने यहां पर 320 करोड़ की लागत से बनने वाले फ्लाईओवर का भूमिपूजन किया. सांसद ने कहा कि इस फ्लाईओवर के बनने के बाद जाम की एक बड़ी समस्या का निदान हो जाएगा. वहीं, जरीब चौकी फ्लाईओवर का विरोध कर रहे व्यापारियों को लेकर कहा कि उनसे कई राउंड बातचीत के बाद स्वीकृति के आधार पर ही इसकी डिजाइन को फाइनल किया गया है.
मंडलायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठकों में भी सेतु निर्माण निगम के अधिकारी पुरानी किसी डिजाइन के न होने की बात कह चुके हैं. सांसद ने कहा कि कानपुर के विकास के लिए सभी व्यापारियों को अपना सहयोग देना चाहिए. इसी तरह उन्होंने बताया कि 25 मई को रामादेवी से गोल चौराहा तक बनने वाली एलीवेटेड रोड का शिलान्यास भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी करने आ रहे हैं. इसके अलावा अनवरगंज—मंधना रेलवे ट्रैक को एलीवेटेड करने के लिए रेल मंत्री और पीएम मोदी से शिलान्यास करने की तैयारी है.सांसद के अनुसार, स्वयं रेलमंत्री ने इसको लेकर पीएम मोदी का समय मांगा है, उन्होंने कहा कि एलीवेटेड ट्रैक, फ्लाईओवर और एलीवेटेड अनवरगंज मंधना रेलवे ट्रैक के बाद यहां पर जाम की समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा. इस दौरान यहां पर विधायक सुरेंद्र मैथानी, एमएलसी अरूण पाठक के अलावा भाजपा के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे.

व्यापारियों ने दुकानें बंद रखीं
जरीब चौकी फ्लाईओवर के भूमिपूजन के विरोध में स्थानीय व्यापारियों ने यहां पर दुकानें बंद कर अपने आक्रोश को जाहिर किया. हालांकि, व्यापारियेां का कहना है कि वह फ्लाईओवर का विरोध नहीं कर रहे हैं, बस इसकी डिजाइन को लेकर उनका विरोध है. क्योंकि इसके चलते उनका व्यापार पूरी तरह से ठप हो जाएगा. इसको लेकर जरीब चौकी से संगीत टॉकीज वाली रोड पर सारी दुकानें बंद देखी गईं और जहां पर हमेशा चहल पहल रहती थी, वहां पर सन्नाटा देखा गया. व्यापारियों का कहना है कि पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी के समय फ्लाईओवर को पास कराया गया था. लेकिन अब इसकी डिजाइन में परिवर्तन कर दिया गया है. व्यापारियेां ने फ्लाईओवर की लागत 320 करोड़ को लेकर भी सवाल खड़े किए. उनका कहना है कि अगर यहां पर एक अंडर पास बना दिया जाता तो खर्च भी काफी कम आता और उनके व्यापार को भी किसी तरह का नुकसान नहीं होता. व्यापारियों ने कहा कि अनवरगंज मंधना रेलवे ट्रैक को एलीवेटेड किया जा रहा है, तो फ्लाईओवर का किसी तरह का औचित्य नहीं है. ऐसे में वह भूमिपूजन के विरोध में अपनी दुकानेां को बंद रखे हुए हैं.

