ABC News: जरीब चौकी क्रॉसिंग पर 320 करोड़ की लागत से बनने वाले फ्लाईओवर का कल भूमिपूजन होगा. इस भूमिपूजन कार्यक्रम के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है. शुक्रवार सुबह 10 बजे सीसामऊ थाने के सामने फ्लाईओवर का भूमिपूजन किया जाएगा. इसको लेकर ट्रैफिक डिपार्टमेंट ने रूट डायवर्जन भी लागू कर दिया है. इसके तहत बजरिया थाने से आने वाले वाहन जरीब चौकी न आकर रामबाग से मुडकर ब्रह्मनगर की तरफ जाएंगे.
इसी तरह, घंटाघर, बांसमंडी की तरफ से आने वाले वाहन संगीत टॉकीज तिराहा से आचार्यनगर होते हुए जाएंगे.गोल चौराहा और फजलगंज की तरफ से आने वाले वाहन भी घंटाघर की तरफ जरीब चौकी चौराहा से अफीमकोठी होते हुए जाएंगे. भूमिपूजन में आने वाले वाहनों की पार्किंग भी यहीं पर बनाई गई है, भूमिपूजन के कार्यक्रम को देखते हुए चौराहे पर रंगरोगन समेत अन्य कार्य किए जाएंगे. भाजपा नेताओं का कहना है कि 320 करोड़ की लागत से बनने वाले फ्लाईओवर से यहां पर जाम की समस्या का पूरी तरह से निदान हो जाएगा.
व्यापारी बंद रखेंगे अपनी दुकानें
जरीब चौकी पर बनने जा रहे फ्लाईओवर को लेकर यहां के व्यापारी खुश नहीं हैं. फ्लाईओवर के एक दिन पहले जरीबचौकी से संगीत टॉकीज के बीच बनी मार्केट के व्यापारियों की बैठक हुई. इस बैठक में व्यापारियों ने इस बात पर निराशा जताई कि अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक उन लोगों ने अपनी आवाज उठाई लेकिन उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है. व्यापारियों का कहना है कि फ्लाईओवर कहां से उठेगा और कहां पर जाएगा, इसकी किसी रूपरेखा की उन लोगों को जानकारी नहीं है. जरीब चौकी व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय मिश्रा का कहना है कि वह लोग फ्लाईओवर का विरोध नहीं कर रहे हैं.
उनकी बस डिमांड है कि इसे संगीत टॉकीज के पास उतारा जाए. उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी के कार्यकाल में जरीब चौकी पर एलीवेटेड ट्रैैक की बात हुई थी, लेकिन अब फ्लाईओवर का भूमिपूजन हो रहा है. उन्होंने कहा कि इसके विरोध में कल जरीब चौकी से संगीत टॉकीज तक सभी दुकानें बंद रहेंगी और कोई भी व्यापारी भूमिपूजन के कार्यक्रम में शामिल नहीं होगा. व्यापारियेां ने कहा कि वह सभी लोग भाजपा से हैं लेकिन उनकी बात को सुना नहीं जा रहा है. व्यापारियों ने कहा कि फ्लाईओवर बनने से उनके कारोबार पर संकट आएगा, जिससे यहां पर काम करने वाले कर्मचारी भी प्रभावित होंगे..

