ABC News: इस बार की जनगणना में जनगणना में पहली बार लोगों को घर बैठे खुद अपनी गणना दर्ज करने की सुविधा मिलने जा रही है. 7 मई से 21 मई तक नागरिक स्वगणना पोर्टल पर जाकर अपने परिवार और मकान से जुड़ी जानकारी स्वयं ऑनलाइन भर सकेंगे. इसके बाद 22 मई से 20 जून तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जानकारी का सत्यापन और गणना कार्य करेंगे. जिला प्रशासन ने इसे लेकर जागरूकता अभियान तेज कर दिया है. इसको लेकर कानपुर में एनआरआई सिटी में भी जागरूकता अभियान चलाया गया.
डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि स्वगणना की सुविधा सरल, सुरक्षित और पूरी तरह डिजिटल है. इसके लिए किसी कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. उन्होंने बातया कि स्वगणना के लिए नागरिकों को जनगणना पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने राज्य का चयन कर पंजीकरण करना होगा. परिवार के मुखिया का नाम और दस अंकों का मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद ओटीपी के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा. नागरिक अपनी पसंद की भाषा चुनकर जिले, पिन कोड तथा गांव या शहर की जानकारी दर्ज कर सकेंगे और मानचित्र पर लाल संकेतक के माध्यम से अपने आवास का सटीक स्थान चिह्नित कर सकेंगे. इसके बाद मकान सूचीकरण और परिवार से संबंधित प्रश्नावली भरनी होगी. सभी विवरण दर्ज करने के बाद नागरिक प्रिव्यू स्क्रीन पर अपने द्वारा भरी गई जानकारी की जांच कर सकेंगे. जानकारी सही पाए जाने पर “फाइनल सबमिट” करने पर एक विशिष्ट 11 अंकों की स्व-गणना पंजीकरण संख्या प्राप्त होगी, जो मोबाइल या ईमेल के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी. जब जनगणना प्रगणक घर पहुंचेगा तो नागरिकों को यह स्व-गणना पंजीकरण संख्या उपलब्ध करानी होगी. यदि दर्ज जानकारी उपलब्ध अभिलेखों से मेल खाती है तो उसका सत्यापन कर लिया जाएगा, जबकि अंतर पाए जाने पर प्रगणक आवश्यक जानकारी पुनः एकत्र करेगा.

