ABC News: कानपुर में देश का दूसरा वाक एवं श्रवण संस्थान (Speech and Hearing Institute) बन रहा है. इसका निर्माण 180 करोड़ की लागत से हो रहा है. यहां पर इलाज, प्रशिक्षण और रिसर्च की सुविधा एक ही परिसर में होगी. इसके बन जाने से बोलने और सुनने से जुड़ी समस्याओं के इलाज, विशेष शिक्षा और शोध के क्षेत्र में कानपुर को नई पहचान मिलने की उम्मीद है. सुरार में बन रहा अखिल भारतीय वाक् एवं श्रवण संस्थान, मैसूर के सेटेलाइट केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है. इसके पूरा होने पर यह देश का दूसरा और उत्तर भारत का पहला इस स्तर का वाक् एवं श्रवण संस्थान होगा. वर्तमान में इस स्तर का प्रमुख संस्थान केवल मैसूर में संचालित है. करीब 81 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में 180 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस परियोजना को 31 अक्टूबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिए कि कार्य तय समयसीमा के भीतर और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा हो. उन्होंने कहा कि यह संस्थान स्वास्थ्य सेवाओं के साथ विशेष शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. बताया गया कि परिसर में 102 पुरुष और 102 महिला विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग छात्रावास बनाए जा रहे हैं, जिससे देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा मिल सकेगी. इसके साथ ही चिकित्सीय ब्लॉक और पूर्व-प्राथमिक ब्लॉक का निर्माण तेजी से चल रहा है. पूर्व-प्राथमिक ब्लॉक में छोटे बच्चों में शुरुआती अवस्था में ही सुनने और बोलने से जुड़ी समस्याओं की पहचान और उपचार की व्यवस्था रहेगी, जिससे समय पर हस्तक्षेप संभव होगा. केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की इस परियोजना का निर्माण एनपीसीसी लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है, जबकि गुणवत्ता की तकनीकी निगरानी आईआईटी (बीएचयू) वाराणसी के माध्यम से सुनिश्चित की जा रही है.
इस केंद्र में मैसूर स्थित संस्थान की तर्ज पर अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. यहां आधुनिक ऑडियोलॉजी प्रयोगशालाएं, वाक् चिकित्सा कक्ष, श्रवण परीक्षण इकाइयां, विशेष जरूरत वाले बच्चों के लिए प्रारंभिक हस्तक्षेप सेवाएं तथा प्रशिक्षण और शोध के उन्नत संसाधन उपलब्ध होंगे. इससे मरीजों को उच्चस्तरीय जांच और उपचार की सुविधा मिलेगी, वहीं विद्यार्थियों को विशेषज्ञ प्रशिक्षण का अवसर भी प्राप्त होगा. परियोजना के पूर्ण होने के बाद कानपुर सहित पूरे उत्तर भारत के मरीजों और विद्यार्थियों को इन सुविधाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा.अब तक जिन सेवाओं के लिए मैसूर का रुख करना पड़ता था, वे सुविधाएं क्षेत्रीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी, जिससे उपचार और प्रशिक्षण की पहुंच अधिक सुलभ हो सकेगी.

