ABC News: गंगा एक्सप्रेस वे से कानपुर की कनेक्टिविटी जोड़ने की दिशा में उठ रही आवाजों के बीच अब इसको लेकर प्रयास शुरू हुए हैं. विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शनिवार को कानपुर में जब समग्र विकास कार्यों की बैठक की, तो स्थानीय अफसरों को इसको लेकर निर्देश दिए. बताया जा रहा है कि संभावनाएं रिंग रोड से कनेक्टिविटी की भी तलाशी जा रही हैं. विधानसभा अध्यक्ष ने गंगा एक्सप्रेस वे को कानपुर से जोड़ने के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने को कहा है.

इसके अलावा, रामादेवी से गोल चौराहा तक प्रस्तावित एलीवेटेड ट्रैक निर्माण में तेजी लाने और जाजमऊ से चकेरी एयरपोर्ट तक सुगम और निर्बाध मार्ग विकसित करने के निर्देश दिए गए. बैठक में यातायात प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए आईटीबीपी नरवल मोड़ पर अंडरपास निर्माण, जाजमऊ से एयरपोर्ट तक सड़क को जाम मुक्त बनाने तथा शहर के प्रमुख मार्गों को व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया. एयरपोर्ट के वैकल्पिक मार्ग को भी सुव्यवस्थित कर कम समय में यात्रियों की पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. विधानसभा अध्यक्ष ने सैमसी झील के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के संबन्ध में आवश्यक निर्देश दिए. बताया गया कि सैमसी झील के रखरखाव के लिए पीपीपी मॉडल पर ग्राम पंचायत द्वारा अनुबंधित संस्था मत्स्य जीवी सहकारी समिति द्वारा जलकुंभी की सफाई का कार्य किया जा रहा है जिसे दो माह में पूर्ण कर लिया जाएगा. गंगा नदी पर स्थित डोमनपुर सेतु के सुदृढ़ीकरण के संबन्ध में बताया गया कि उक्त सेतु की मॉडल स्टडी आईआईटी बीचयू द्वारा किया गया है. उक्त सेतु की लंबाई 1000 मीटर से बढ़कर 1300 मीटर करने की संस्तुति की गई है जिसका प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित है. विधानसभा अध्यक्ष ने डिफेंस कॉरिडोर के अंतर्गत ग्राम गोपालपुर, दौलतपुर व मोहीपुर में भूमि अधिग्रहण के तहत किसानों को उचित मूल्य दिलाने का निर्देश दिया. बताया गया कि उक्त क्रय/ पुनरग्रहण के संबंध में यूपीडा को पत्र भेजा गया है. बैठक में जन प्रतिनिधियों ने विद्युत ट्रिपिंग का मुद्दा उठाया पर केस्को के एमडी ने अवगत कराया की ओवरलोडिंग वाले क्षेत्रों में मोबाइल ट्रांसफार्मर स्थापित किए जा रहे हैं. विधानसभा अध्यक्ष ने बतियापुरवा में सीटीपी का निर्माण 30 जून 2026 तक पूर्ण करने का निर्देश दिया. बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश भी दिए गए.

