ABC News: कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़े साइबर फ्रॉड गिरोह का खुलासा किया है. पुलिस ने गिरोह में शामिल पांच बैंक कर्मचारियों समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरोह से पूछताछ में अब तक 125 करोड़ का लेनदेन पता चला है, जिसमेें नवी मुंबई के एक शख्स को डिजिटल अरेस्ट कर 58 करोड़ की वसूली गई रकम भी शामिल है. पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि यह गिरोह फर्जी जीएसटी फर्म बनाकर और बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से लोगों को डिजिटल अरेस्ट कर ठगी को अंजाम देता था.
उन्होंने बताया कि बर्रा पुलिस को इस बात की सूचना मिली थी कि एच ब्लॉक पेट्रोल पंप के पास प्राइमरी स्कूल के आसपास कुछ लोग एक बड़े साइबर अपराध की योजना बना रहे हैं. इस सूचना पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की तो गिरोह का खुलासा हुआ. पुलिस आयुक्त ने बताया कि आरोपी कई बैंकों में तैनात कर्मचारियों को कमीशन देकर उनकी मिलीभगत करके फर्जी दस्तावेज और फर्जी जीएसटी रजिस्ट्रेशन के आधार पर करंट और ट्रस्ट का खाता खोलते थे. इन खातों में लेनदेन की सीमा नहीं होती है. इसके बाद डिजिटल अरेस्ट और इन्वेस्टमेंट फ्रॉड से ठगी गई रकम को इन फर्जी अकाउंट्स में मंगवाया जाता था. इस रकम पर बैंक कर्मचारियों को 5 से 10 फीसदी का कमीशन दिया जाता था. जैसे ही किसी खाते के खिलाफ शिकायत आती थी तो बैंक कर्मचारी एकाउंट बंद कराकर आरोपियों को पूरी रकत दे देते थे.
जिन आठ लोगों को पकड़ा गया है, उसमें चार बैंक कर्मचारी, एक बैंक का फैसिलिटेटर और तीन म्यूल अकाउंट वाले शख्स हैं. इनके पास से आठ बैंकों के खातों की डिटेल के अलावा 24 फर्जी फर्म, 22 फर्जी सिम, नौ मोबाइल मिली हैं. इसके अलावा ट्रस्ट से मिलीभगत की जानकारी सामने आयी है, जिसमें ठगी की रकम को ट्रस्ट के खाते में मंगवाया जाता था, ट्रस्ट के पदाधिकारी उसमें से करीब 20 प्रतिशत कमीशन लेते थे. पुलिस आयुक्त ने कर्नाटक के एक ट्रस्ट की जानकारी मिली है, जिसकी जांच करायी जा रही है.

