ABC News: काकादेव पुलिस और साइबर सेल ने दो ऐसे अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पढ़ाई तो महज बीकॉम और हाईस्कूल की है लेेकिन उन्होंने सिटी मॉल कंपनी की वॉलेट गुल्लक के सॉफ्टवेयर में बग ढूढ़कर कंपनी की दो करोड़ की रकम अपने रिश्तेदारों से लेकर दोस्तों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी. पुलिस ने जब लंबी चली जांच के बाद दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया तो वो भी हैरान रह गई.
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सिटी मॉल के को फाउंडर की शिकायत के बाद पुलिस ने जब जांच की, तो शक की सुई उन दो शख्स पर गई, जो पहले यहां पर डिलीवरी बॉय का काम करते थे लेकिन वर्तमान में ट्रेनिंग देने का काम कर रहे थे. उन्होंने गुल्लक वॉलेट में बग ढूढकर उस विंडो की तलाश की, जिसमें वह बग काम कर रहा था. इसके बाद दोस्तों और रिश्तेदारों के खातों में एक करोड़ 49 लाख रूपए ट्रांसफर किए.50 लाख रूपए दूसरे अन्य खातों में ट्रांसफर किए गए. इसके बाद फ्रॉड की रकम जमीन, गाड़ी खरीदने के साथ पुराने उधार चुकता किए और ब्याज पर भी रूपए बांटे.
डीसीपी ने बताया कि विभिन्न खातों में डाले गए 50 लाख रूपए फ्रीज करा दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि इस काम में और लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिसकी जांच की जा रही है. बताया गया कि आरोपी राहुल कुशवाहा और विशाल कनौजिया को दादानगर वेयरहाउस से गिरफ्तार कर उनके पास से चार मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट और करीब 49 हजार रूपए कैश बरामद किया गया है.

