ABC News: कानपुर के अंध विद्यालय के दृष्टि बाधित बच्चों की जिंदगी में अब उजाले की गुंजाईश बनी है. कानपुर अंध विद्यालय में लगे नेत्र शिविर में 105 दृष्टिबाधित बच्चों की जांच के दौरान 13 ऐसे बच्चे चिन्हित हुए, जिनकी आंखों की रोशनी सर्जरी से वापस लाई जा सकती है. इनमें कक्षा एक के हर्ष, कक्षा दो के शिव शंकर और कक्षा चार के नैतिक व केशव दुबे जैसे बच्चे शामिल हैं.

जिला प्रशासन के तत्वावधान में रोटरी क्लब ऑफ कानपुर सूर्या और जेसीआई के सहयोग से आयोजित इस नेत्र परीक्षण शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने प्रत्येक बच्चे की आंखों का गहन परीक्षण किया. इस कार्यक्रम में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह, सीडीओ अभिनव जैन, नेत्र चिकित्सक डॉ. शालिनी मोहन, जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी विनय उत्तम आदि मौजूद रहे. जिलाधिकारी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल परीक्षण करना नहीं, बल्कि ऐसे बच्चों को चिन्हित कर उन्हें उपचार उपलब्ध कराना है, जिनकी दृष्टि वापस लाई जा सकती है.

नेत्र चिकित्सक डॉ. शालिनी मोहन ने बताया कि चिन्हित बच्चों का आगे विस्तृत परीक्षण कराया जाएगा और आवश्यकता अनुसार सर्जरी कराई जाएगी. साथ ही विद्यालय में प्रत्येक 15 दिन पर नेत्र एवं बाल रोग विशेषज्ञों की टीम द्वारा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाएगा.

