ABC News: कानपुर पुलिस ने प्रतिबंधित गेमिंग ऐप के जरिये ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है. अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी करके गेमिंग एप चलाने वाले गिरोह का संचालन दुबई से होना बताया गया है.
पुलिस ने इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 76 बैंक खातों का पता लगाया है जिनका उपयोग ठगी की रकम को खपाने के लिए किया जा रहा था. इसके साथ ही पुलिस ने मोबाइल, लैपटॉप, 54 एटीएम कार्ड, 26 पासबुक, चेकबुक और अन्य सामान बरामद किया है.
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि इस गिरोह ने आनलाइन गेम की रकम जमा करने व ट्रांसफर करने के लिए ब्रांच24 नाम से एक बैंक भी बना रखी है, इस बैंक के माध्यम से साइबर ठगी की रकम मंगवाकर गेम जीतने वालों को भेजी जाती है. बर्रा थाने की पुलिस और साइबर टीम ने प्रतिबंधित गेमिंग एप के जरिए लोगों को आइडी बांटकर गेम खिलाने वाले गिरोह के आठ लोगों को गिरफ्तार किया. उन्होंने बताया कि अभियुक्तों के खातों में तीन महीने में 50 लाख रूपए का ट्रांजैक्शन मिला है, इसके अलावा गिरोह की तीन ब्रांचों में 100 करोड़ के टर्नओवर का पता चला है.
गिरोह के सदस्य बकायदा यहां पर परमानेंट कर्मचारी बनकर काम करते थे, और प्रतिबंधित गेमिंग ऐप पर जब कोई छोटी रकम लगाता था तो उसे जिता दिया जाता था. जैसे ही वह बड़ी रकम लगाता था, उसके साथ गिरोह ठगी कर लेता था. अभियुक्तों को बर्रा छह स्थित शिव मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया. आरोपी कूटरचित दस्तावेजों से फर्जी बैंक खाते खोलकर रुपये तुरंत दूसरे खातों में ट्रांसफर कर देते थे. गिरोह के सरगना इतने शातिर थे कि अगर पुलिस किसी का मोबाइल ट्रैक कर ले तो उसे पूरी तरह से फॉर्मेट करा दिया जाता था.
इसके अलावा साइबर ठगी का पैसा यह लोग छोटी रकम जीतने वाले लाभार्थी के खाते में भी ट्रांसफर करते थे. गिरोह के 14 सदस्यों की तलाश की जा रही है. उन्होंने बताया कि आरोपी टेलीग्राम और रील्स के माध्यम से प्रचार करते थे.

