ABC News: किडनी कांड में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी मास्टरमाइंड डॉ. रोहित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया. बताया जा रहा है कि आरोपी रोहित को पुलिस गाजियाबाद से कानपुर लेकर आई है. हालांकि, डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने रावतपुर से उसकी गिरफ्तारी का दावा किया है. उन्होंने बताया कि रोहित बिलग्राम हरदोई का रहने वाला है. रोहित मेरठ की उस टीम के संपर्क में था, जिसमें अफजाल, अली आदि शामिल थे.
रोहित इन सभी को मेरठ से यहां लाया और आहूजा हॉस्पिटल में किडनी ट्रांसप्लांट किया गया. पुलिस पूछताछ में पता चला कि रोहित कोई डॉक्टर नहीं, बल्कि महज 12वीं पास था. पहले वह मेरठ के वैभव मुद्गल के हॉस्पिटल में काम करता था. यहीं से वह सिंडीकेट के संपर्क में आया. डीसीपी वेस्ट ने बताया कि रोहित साल 2018 से किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट में शामिल है और तब से लगातार यह काम करता हुआ चला आ रहा है. पूछताछ में रेाहित ने अब तक 30 से अधिक किडनी ट्रांसप्लांट कराने की बात स्वीकारी है. पूछताछ में यह पता चला कि किडनी ट्रांसप्लांट के मामले में कोई सर्टिफाइड डॉक्टर भी शामिल नहीं था. मरीजों का आपरेशन अली करता था, रोहित यह तय करता था कि किडनी मामले में डोनर, रिसीवर कौन होगा, सारे चीजों का समन्वय रोहित ही करता था. रोहित हमेशा खुद को डॉक्टर बताता था. पुलिस अब रोहित के उस मोबाइल को बरामद करने के प्रयास में हैं, जो उसने कहीं पर फेंक दिया था.
डीसीपी वेस्ट का कहना है कि इसके लिए पुलिस रोहित की रिमांड कोर्ट से मांगेगी.कानपुर में शिवम अग्रवाल रोहित का दाहिना हाथ था. आपको बता दें कि इस मामले में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. अब इस मामले में पुलिस मेरठ के डॉ. अफजल और दिल्ली निवासी ओटी टेक्नीशियन मुदस्सर अली की तलाश में है. रोहित के साथ इन दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित है. बताया जा रहा है कि रोहित की कई तस्वीरें भी पुलिस के हाथ लगी हैं, जिनमें वह गले में स्टेथोस्कोप डाले और एप्रन पहने नजर आ रहा है. इतना ही नहीं, कुछ तस्वीरों में वह ओटी के भीतर डॉक्टरों के साथ ऑपरेशन करते हुए भी दिखाई दे रहा है.

