ABC News: कानपुर में शनिवार शाम आयी आंधी और बारिश के बाद भी हालात पूरी तरह से सुधरे नहीं हैं. शहर के दर्जनों इलाके ऐसे हैं, जहां पर शनिवार से गई बिजली का सोमवार को भी इंतजार होता रहा लेकिन उन जगहों पर न तो नगर निगम और न ही केस्को के अधिकारी कर्मचारी पहुंचे.
ऐसा ही एक इलाका दादानगर कॉलोनी का रहा. यहां पर आंधी और बारिश के बाद कई पेड़ बिजली की लाइनों पर गिर गए. एक दर्जन से अधिक बिजली के पोल धराशाई हो गए. इसके बाद यहां पर बिजली पानी का जो संकट शुरू हुआ, उसका अब तक निदान नहीं निकला.
शनिवार को आंधी बारिश का खौफ, रविवार को मदद के इंतजार में पूरा दिन गुजारने के बाद जब यहां पर सोमवार को भी कोई नहीं पहुंचा तो पार्षद और जनता ने यहां पर खुद ही गिरे हुए पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाकर उन्हें काटना शुरू किया.
पार्षद का कहना है कि पेड़ गिरने से कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है. अधिकारी सुन नहीं रहे हैं, पानी के लिए किराए पर जनरेटर लगाकर इंतजाम करना पड़ रहा है.
तीसरे दिन भी जारी रहा राहत कार्य
कानपुर में आंधी बारिश के बाद आयी तबाही के बाद सोमवार को भी कई जगहों पर राहत कार्य चलता रहा. गौरतलब हो कि आंधी और बारिश में पूरे कानपुर में सैकड़ों पेड़ गिर गए, इसके अलावा जगह जगह बिजली के पोल गिरने के साथ केस्को की लाइनें डैमेज हो गईं. रविवार को केस्को से लेकर नगर निगम जगह जगह पर कार्य करता रहा.
इसके बावजूद सड़क से लेकर लोगों के घरों के आसपास गिरे पेड़ों को हटाने के लिए कोई नहीं पहुंचा, कई जगह तो लोग खुद ही बचाव करते हुए दिखे.
इसके बाद आज सोमवार को भी कई जगहों पर जो पेड़ गिरे थे, वहां पर नगर निगम की टीम उन्हें काटने और छांटने के लिए पहुंची. लोगों का कहना था कि शनिवार से वह लोग दुश्वारियां झेल रहे हैं.

