ABC News: कानपुर में आंधी और बारिश के बाद गायब हुई बिजली ने पानी की समस्या को सबसे ज्यादा गहरा दिया है. हालत यह है कि बिजली न होने से लोगों के घरों में पानी नहीं है. इसकी वजह से शहर के कई वॉटर एटीएम में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. हालत यह है कि कानपुर में जहां पर भी वॉटर एटीएम बने हैं, वहां पर आसपास के लोगों के साथ दूसरे मोहल्ले के लोग भी सुबह से पहुंचने लगे.
पी रोड स्थित वॉटर एटीएम संचालक का कहना था कि उनके यहां पर आसपास के साथ ही गुमटी तक से लोग पानी के लिए आ रहे हैं. वॉटर एटीएम में भी बिजली न होने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
उन्होंने बताया कि सामान्य दिनों की अपेक्षा रविवार को पानी लेने के लिए आने वाले लोगों का तीन गुना ज्यादा लोड रहा. वहीं, वॉटर एटीएम में पानी के लिए आए लोगों का कहना था कि कल शाम से बिजली आ नहीं रही है, घर में पीने का पानी तक नहीं है.
ऐसे में मजबूरीवश उन लोगों को पेयजल के लिए वॉटर एटीएम में आने को मजबूर होना पड़ा है.
इसके अलावा कई जगहों पर लोगों ने किराए के जनरेटर लगाकर अपने सबमर्सिबल पंप्स को भरा, जिससे पानी की समस्या दूर हो सके.

