ABC News: अमेरिका-इजरायल और ईरान में हालात खराब होते जा रहे हैं. इस बीच एक बड़ा दावा सामने आया है. ईरान की सरकारी मीडिया और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उन्होंने अमेरिकी एड्वांसड F-35 स्टील्थ फाइटर जेट को मार गिराया है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये घटना ईरान के केंद्रीय इलाके में हुई, जहां ईरानी एयर डिफेंस सिस्टम ने इस विमान को निशाना बनाया. ईरानी मीडिया का कहना है कि विमान क्रैश हो गया. हालांकि इस दावे की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है. ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी आईआरजीसी ने मध्य ईरान के आसमान में एक अमेरिकी F-35 विमान को नष्ट कर दिया. एजेंसी ने विमान के मलबे की तस्वीरें भी जारी की हैं और कहा है कि यह विमान अमेरिका के लेकनहीथ स्क्वाड्रन का था. रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि विमान पूरी तरह तबाह हो गया और पायलट के बचने की संभावना बहुत कम है. ईरान का दावा है कि पिछले 24 घंटों में यह दूसरा F-35 विमान है जिसे मार गिराया गया है. इससे पहले 2 अप्रैल और 23 मार्च को भी ऐसे ही दावे किए गए थे. ईरान लगातार कह रहा है कि उसने अमेरिकी आधुनिक लड़ाकू विमानों को निशाना बनाया है और उन्हें गिराया है.
अमेरिका ने इन दावों को क्यों खारिज किया?
अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड यानी सेंटकॉम ने ईरान के इन दावों को पूरी तरह झूठ बताया है. अमेरिका का कहना है कि उसके सभी लड़ाकू विमान सुरक्षित हैं और ईरान पहले भी कई बार ऐसे गलत दावे कर चुका है. अमेरिका का दावा है कि ईरान की ओर से फैलाए जा रहे वीडियो और तस्वीरें भ्रामक हैं.
