ABC News: सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में स्कूलों के सामने लगने वाले जाम पर गहन मंथन किया गया. इसके साथ ही कानपुर के 81 स्कूलों की टाइमिंग को लेकर नई व्यवस्था की गई है. नई समय सारिणी को एक अप्रैल से लागू किया जाएगा.

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. बैठक में प्रमुख मार्गों पर स्थित विद्यालयों से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया गया कि विद्यालयों में संचालित बसों, अन्य वाहनों तथा अभिभावकों के निजी वाहनों की पार्किंग विद्यालय के सामने सड़क पर नहीं की जाएगी. साथ ही विद्यालय खुलने और छुट्टी के समय मुख्य द्वार पर कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, जिससे सड़क पर यातायात बाधित न हो. परिवहन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से 81 विद्यालयों के संचालन की समय सारिणी भी निर्धारित की गई है, जो 1 अप्रैल से लागू होगी.

संबंधित विद्यालयों को इसके संबंध में पूर्व में सूचना भी उपलब्ध करा दी गई है और निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है. बैठक में अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी अरुण कुमार जयंत ने बताया कि गत रविवार को जीटी रोड पर अवैध रूप से निर्मित 14 दुकानों को हटाया गया है. उन्होंने कहा कि सड़कों पर आवागमन सुचारू बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. रामादेवी और नारामऊ क्षेत्र में स्थित शराब की मॉडल शॉप के कारण लगने वाले जाम का मुद्दा भी बैठक में उठा. जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि संबंधित दुकानों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दिया जा चुका है. जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक स्कूली वाहनों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाए. परिवहन विभाग की टीमें विद्यालयों में जाकर वाहनों की जांच करेंगी और संबंधित विवरण पोर्टल पर अपलोड कराया जाएगा.

