ABC News: प्रीपेड स्मार्ट मीटर को लेकर लगातार आ रही शिकायतों के बाद केस्को एमडी सैमुअल पॉल एन ने सारी स्थितियों को स्पष्ट किया है. केस्को मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेसं करते हुए एमडी ने बताया कि कानपुर में अब तक साढ़े सात लाख उपभोकतओं में एक लाख मीटर प्रीपेड में बदल चुके हैं.
उन्होंने कहा कि जहां पर भी पोस्टपेड मीटर को बदला जा रहा है, वहां पर उपभोक्ता के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर सारी जानकारी आ रही है. उन्होंने बताया कि उपभोक्ता को कम से कम छह बार सूचना दी जाती है, इसके बाद भी जब वह रीचार्ज नहीं कराता तो उसकी बिजली काटी जा रही है. ऐसे में उन्होंने सभी उपभोक्ताओं को UPPCL Smart App डाउनलोड करने की सलाह दी है. इस ऐप में उपभोक्ता को बिजली की खपत, बैलेंस से लेकर हर जानकारी उपलबध हो जाएगी.
उन्होंने बताया कि निगेटिव बैलेंस होने पर शाम छह से सुबह आठ बजे तक और किसी भी अवकाश के दिन बिजली नहीं काटी जाएगी. समय से भुगतान करने पर उपभोक्ता को दो प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी. इसके अलावा उपभोक्ता कितनी बिजली की खपत कर रहा है, यह केस्को अधिकारियों को भी पता चल जाएगा. इसके अलावा, सोलर पैनल लगवाने वालों को अलग से मीटर की जरूरत नहीं होगी, स्मार्ट मीटर ही ‘इंपोर्ट’ और ‘एक्सपोर्ट’ दोनों की गणना कर लेगा.

