ABC News: कानपुर में साउथ सिटी के हनुमंत विहार थानाक्षेत्र के नौबस्ता बंबा में पूर्व विधायक के ऑटोमोबाइल शोरूम में चोरी की वारदात सामने आयी है. चोरी की यह वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है. आटोमोबाइल शोरूम भाजपा के पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया का है.
उन्होंने बताया कि देर रात करीब साढ़े 11 बजे से पौने 12 बजे के बीच चोरी की वारदात हुई है, जिसमें एक अधेड़ अवस्था का चोर शोरूम के पीछे नीम के पेड़ से छत पर चढ़ा और टीनशेड की छत काटकर अंदर दाखिल हुआ.
इस दौरान चोर की नजर शोरूम के अंदर बने मंदिर पर पड़ी तो उसने भगवान के सामने हाथ जोड़े और फिर इधर उधर तलाश करने लगे, बाद में शोरूम के अंदर बने केबिन में उसने एक टेबल के अंदर से चार हजार रूपए, जिसे वह चोरी कर चला गया,, सुबह जब चोरी की जानकारी मिली, तो मौके पर हनुमंत विहार पुलिस समेत पूर्व विधायक भी पहुंचे. पूर्व विधायक का कहना है कि कल यहां पर रखी रकम लेकर चले गए थे, जिससे चोर यहां पर बड़ी घटना को अंजाम नहीं दे पाया. पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालकर जांच की जा रही है.

