ABC News: साउथ सिटी के रतनलालनगर में पिछले दिनों खाली प्लॉट के बेसमेंट की खुदाई के दौरान जिस तरह पेड़ बिजली की लाइनों पर गिरा था और बिजली के कई पोल गिर गए थे. ठीक वैसा ही हादसा बुधवार को किदवईनगर में हुआ. किदवईनगर थाने से गौशाला जाने वाली रोड पर बुधवार सुबह अचानक एक बरगद का विशालकाय पेड़ बिजली की लाइनों पर गिर गया.
इसकी वजह से बिजली की लाइनें और पोल, पेड़ के साथ क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर गिर गए. हादसे में एक ई रिक्शा और स्कूटी पेड़ के नीचे दब गई. स्कूटी सवार बुजुर्ग हादसे में चुटहिल हो गए.
स्थानीय लोगों ने हादसे के पीछे सीएम ग्रिड योजना के तहत हो रहे काम को जिम्मेदार ठहराया है. हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों का कहना है कि सीएम ग्रिड योजना के तहत यहां पर जो नाले की खुदाई की गई है, उसमें पेड़ों की जड़ों को भी काट दिया गया है. जिसकी वजह से पेड़ काफी कमजोर हो गए हैं.
उनका आरोप है कि नाला बनाने के लिए गड्ढों की फिलिंग भी सही से नहीं की गई है. जिसकी वजह से आज करीब 60 साल पुराना बरगद का पेड़ धराशाई होकर सड़क पर गिर गया. उनका कहना है कि सुबह का वक्त होने की वजह से सड़क पर सन्नाटा था, दोपहर में अगर हादसा होता, तो बड़ी घटना हो सकती थी.

