ABC News: कानपुर में निरालानगर स्थित पराग डेयरी प्लांट 13 साल बाद फिर शुरू होने जा रहा है. इसको लेकर डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने प्लांट का निरीक्षण कर तैयारियों की जानकारी ली. ,उन्होंने बताया कि मदर डेयरी और नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के सहयोग से अप्रैल माह में प्लांट को पुनः शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है.

प्लांट के संचालन से प्रतिदिन लगभग चार लाख लीटर दूध की प्रोसेसिंग होगी और कानपुर मंडल के करीब एक लाख दुग्ध उत्पादक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा. जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष 1962 में स्थापित पराग डेयरी प्लांट कानपुर ही नहीं बल्कि पूरे मंडल के प्रमुख और सबसे पुराने डेयरी प्लांटों में शामिल रहा है. साल 2013 में इसके बंद होने के बाद प्रदेश सरकार ने इसके आधुनिकीकरण का निर्णय लिया. इसकेा लेकर नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड की इकाई इंडियन डेयरी मशीनरी कॉरपोरेशन लिमिटेड, आनंद (गुजरात) के माध्यम से प्लांट का री डेवलपमेंट कराया गया. परियोजना की लागत 160.64 करोड़ रूपए है.

उन्होंने बताया कि अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित इस डेयरी प्लांट में दूध की प्रोसेसिंग के साथ विभिन्न दुग्ध उत्पादों का बड़े पैमाने पर उत्पादन और पैकिंग की व्यवस्था विकसित की गई है. प्लांट में प्रतिदिन लगभग 1.50 लाख लीटर पैक्ड मिल्क, 20 मीट्रिक टन मिल्क पाउडर, एक टन पनीर तथा आठ टन देसी घी के उत्पादन की क्षमता स्थापित की गई है. प्लांट में गुणवत्ता नियंत्रण के लिए अत्याधुनिक केंद्रीय प्रयोगशाला स्थापित की गई है. इससे करीब एक लाख किसानों को फायदा मिलेगा. मदर डेयरी के यूनिट हेड विनय प्रताप सिंह ने बताया कि प्लांट पूरी तरह आधुनिक तकनीक से लैस है. इसमें जापान और जर्मनी से मंगाए गए अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं.

