ABC News: ईरान और अमेरिका इजराइल युद्ध और मिडिल ईस्ट के हालातों का असर आम लोगों की रसोई तक पड़ने लगा है. कार्मशियल सिलेंडर पर लगी रोक के बाद अब लोग घरेलू गैस सिलेंडर केा लेकर सशंकित हो रहे हैं. हालांकि, प्रशासन ने लोगों से परेशान न होने की अपील करते हुए किसी तरह की कमी न होने की बात कही है.
इसके बावजूद गैस एजेसिंयों पर लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो गई है. मुस्लिम बहुत क्षेत्रों में ईद की वजह से लोग गैस एजेंसी पर जमा हैं. गैस एजेंसी में जमा भीड़ में लोगों का कहना है कि एजेंसी के लोग अब फोन नहीं उठा रहे हैं. आनलाइन बुकिंग को लेकर किसी तरह का जवाब नहीं दिया जा रहा है.
कई दिन बुकिंग कराने के बावजूद सिलेंडर को लेकर सही से बताया नहीं जा रहा है, इसकी वजह से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है. बुधवार को भी कई जगहों पर गैस एजेंसी से लेकर गोदाम में भीड़ नजर आयी. कई लोग इस आशंका में सिलिंडर बुक करा रहे हैं कि अगर हालात बिगड़े तो आने वाले दिनों में सिलिंडर मिलना मुश्किल हो सकता है.
बताया जा रहा है कि सबसे ज्यादा परेशानी उन परिवारों को हो रही है, जिनके पास अतिरिक्त सिलिंडर नहीं हैं और जिन्हें रोजमर्रा के उपयोग के लिए गैस की जरूरत है.
डीएम से मिले व्यापारी, बताई चिंता
कार्मशियल सिलेंडर पर लगी रोक के बाद कारोबार जगत सबसे ज्यादा परेशान देखा जा रहा है. व्यापारियों का कहना है कि अब तो उनके सामने अपने अपने प्रतिष्ठान बंद करने की नौबत आ गई है. ऐसे में किस तरह से व्यापार चलेगा, इसको लेकर उनके माथे पर चिंता की लकीरें खिंची हुई हैं. इसी को लेकर कानपुर होटल रेस्टोरेंट एसोसिएशन के पदाधिकारी डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह से मिले. यहां पर कारोबार जगत की चिंता, उनकी संभावित बंदी को लेकर चल रही कश्मकश से डीएम को अवगत कराया गया. यहां पर डीएम से मांग करते हुए कहा गया कि जब तक कॉर्मशियल सिलेंडर की सप्लाई सुचारू नहीं होती, तब तक यदि किसी के यहां पर घरेलू गैस का उपयोग होता है. तो उसे परेशान न किया जाए. क्योंकि सहालग के मौसम में होने वाली शादियों पर इसका सीधा प्रभाव पड़ेगा. डीएम ने कहा कि सभी स्थितियों पर नजर रखी जा रही है, जो भी उपाय होंगे, उन पर विचार किया जाएगा.
कंट्रोल रूम बना, शिकायत के लिए नंबर जारी
घरेलू रसोई गैस को लेकर एक तरफ जहां पर मारामारी मची है, वहीं, प्रशासन इसको लेकर लगातार हालात की समीक्षा कर रहा है. एक दिन पहले डीएम ने प्रशासनिक और पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक भी की और कहा कि फिलहाल घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य है और लोग अफवाहों पर ध्यान न दें. हालांकि, जमीनी स्तर पर लोग गैस एजेंसी और गोदाम पहुंच रहे हैं, उनका कहना है कि हेाम डिलीवरी नहीं हो रही है. आपको बता दें कि कानपुर में एलपीजी के वर्तमान में 11 लाख 44 हजार 75 उपभोक्ता हैं. डीएम ने सभी एसडीएम को गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर निगरानी के निर्देश दिए हैं. कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ एफआईआर के भी निर्देश दिए गए हैं. वहीं, एलपीजी गैस आपूर्ति संबंधी शिकायतों के लिए कॉल सेंटर भी स्थापित किया गया है. फोन नंबर 0512-2988763 पर लोग इसको लेकर शिकायत कर सकते हैं.
डीएसओ ने गैस एजेंसियों का किया निरीक्षण
कानपुर में गैस आपूर्ति की दिक्कतों से निपटने के लिए आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने गैस एजेंसियों में निरीक्षण भी शुरू कर दिया है. बुधवार केा जिलापूर्ति अधिकारी राकेश कुमार ने दो गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि कानपुर में 90 गैस एजेंसियां हैं, वर्तमान में घरेलू गैस की किसी तरह की किल्लत नहीं है. उन्होंने बताया कि कानपुर में आईओसीएल के 7 लाख 15 हजार 814, बीपीसीएल के 2 लाख 21 हजार 252 और एचपीसीएल के 2 लाख सात हजार नौ उपभोक्ता हैं. सभी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. गैस आपूर्ति संबंधी शिकायतों के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम में अधिकारियों की राउंडवार डयूटी लगाई गई है. इसके अलावा लोग वॉट्सऐप नंबर पर शिकायत कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि हर शिकायत की जांच कर कार्रवाई की जाएगी. लोगों को भी अफवाहों में न पड़ने और परेशान न होने की उन्होंने अपील की है.
स्थितियों पर लगातार है नजर: डीएम
कानपुर में घरेलू गैस कनेक्शन को मिल रही एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर डीएम का कहना है कि सभी जगह नजर रखी जा रही है. अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं,, अस्पताल और शिक्षण संस्थानों में अभी कॉर्मशियल सिलेंडर की सप्लाई सुचारू है. ऐसे में जैसे ही स्थिति में सुधार होगा, वैसे ही कॉर्मशियल सिलेंडर की सप्लाई सुचारू की जाएगी. उन्होंने कहा कि घरेलू गैस को लेकर जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ एस्मा और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई के प्रावधान हैं, ऐसे में लोगों को परेशान न होने और अफवाहों से बचने की उन्होंने अपील की है. डीएम ने कहा कि सभी जगह नजर रखी जा रही है, अगर किसी ने कालाबाजारी की तो उस पर एक्शन होगा, उन्होंने लोगों से गैस की खपत भी स्थितियों के अनुसार करने की अपील की है, जिससे अनावश्यक गैस की बर्बादी न हो.

