ABC News: सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र स्थित न्यू आजाद नगर के सतबरी मैदान में देर रात भीषण आग से दहशत फैल गई. बताया जा रहा है कि यहां पर कबाड़ के तीन गोदामों में ऐसी आग भड़की कि यहां पर रहने वाले लोग दहशत के बीच अपने घरों से बाहर निकल आए. इस दौरान आग की लपटों से करीब एक किमी. दूर तक आसमान लाल दिखाई दिया.
स्थानीय लोगों के अनुसार, सतबरी मैदान में राहुल नाम के शख्स का कबाड़ गोदाम है. यहां पर प्लास्टिक स्क्रैप समेत बड़ी मात्रा में ज्वलनशील कबाड़ रखा हुआ था, जिसमें जब आग लगी तो थोड़ी ही देर में वह काफी ज्यादा भयावह हो गई. इस आग ने पास में ही शैलेंद्र और शीलू के कबाड़ गोदाम को भी अपनी चपेट में ले लिया. तीन कबाड़ गोदामों में आग लगने से यहां पर तेज तेज लपटें उठनीं लगीं और खतरनाक धुआं फैल गया.
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग के जवान भी मौके पर पहुंचे. यहां पर दमकल जवानों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इस दौरान गोदाम में लाखों का स्क्रैप जलकर खाक हो गया. स्क्रैप गोदाम में आग कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही है.

