ABC News: घाटमपुर के कठेठा गांव में छात्र की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. छात्र की हत्या और किसी ने नहीं बल्कि गांव के ही एक युवक और रिश्ते में मामा ने की थी. दरअसल, हत्यारोपी युवक छात्र की बहन से प्यार करता था. इसको लेकर छात्र ने विरोध भी जताया और अपने पिता को भी बताया था. पिता ने भी हत्यारोपी को फटकार लगाकर समझाया था लेकिन एक दिन फिर हत्यारोपी उसकी बहन के पास पहुंच गया और छात्र ने देख लिया और फिर भेद खुलने के डर से उसने छात्र की हत्या कर दी.
घाटमपुर के कठेठा गांव में छात्र कृष्णा की हत्या का खुलासा करते हुए डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि उसके परिजनों ने गांव के पिता पुत्र पर हत्या का संदेह जताते हुए नामजद तहरीर दी थी, लेकिन जब पुलिस ने जांच की तो हत्या की कहानी दूसरी सामने आयी. उन्होंने बताया कि आरोपी आशुतोष सिंह मृतक छात्र कृष्णा की बहन से प्रेम करता था. आशुतोष सिंह रिश्ते मेें दोनों का मामा लगता है. आरोपी पहले गुजरात में नौकरी करता था, वहां से छुट्टी पर वह गांव आया हुआ था. इस दौरान वह कई बार मृतक छात्र की बहन से मिला, जिसे कृष्णा ने देखकर आरोपी आशुतोष सिंह ने विरोध दर्ज कराया था और अपने पिता से शिकायत भी की थी. जिस पर पिता ने आशुतोष को फटकार लगाते हुए समझाया था और उसने दोबारा ऐसी हरकत न करने की बात कही थी. इसके बाद फिर वह कृष्णा की बहन से मिलने पहुंच गया.
बताया जा रहा है यहां पर दोनों एक दूसरे का हाथ पकड़े थे. कृष्णा ने इसे देख लिया था हालांकि किसी को उसने कुछ बताया नहीं. इसके बाद खेत देखने के लिए जब कृष्णा जा रहा था तो उसने आशुतोष को बुला लिया. वापस लौटते समय पहले उसने कृष्णा को जमीन पर गिरा दिया और फिर उसके चेस्ट पर पैर रखकर गला दबा दिया. बाद में उसके लोवर के नाड़े को निकालकर कृष्णा का गला कस दिया, जिससे उसकी मौत हो गई और फिर आरोपी गजनेर चला गया. वहां से वापस लौटने पर वह मृतक के परिजनों के पास भी गया. पुलिस पूछताछ में भी आरोपी ने गुमराह करने की कोशिश की लेकिन पुलिस की सख्ती के बाद वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल लिया.

