ABC News: कानपुर में होली के बाद अब गंगा मेला पर कल रंगों की मस्ती देखने को मिलेगी. इसको लेकर हटिया से लेकर बिरहाना रोड और सरसैया घाट पर तैयारियां चल रही हैं. आपको बता दें कि कानपुर का गंगा मेला उस जिद और जुनून की कहानी को बयां करता है, जिसे क्रांतिकारियों ने सन 1942 में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ दिखाया था.
अंग्रेजों के फरमान को न मानते हुए क्रांतिकारियों ने खूब रंग खेला. इस नाफरमानी पर जब अंग्रेजों ने हटिया में रंग खेल रहे युवाओं को जब सलाखों के पीछे भेजा, तो शहर में उबाल आ गया, अंतत: अंग्रेजों ने जिस दिन जेल में बंद युवाओं को रिहा किया, उसी दिन पूरे शहर में जमकर रंग खेला गया.
अनुराधा नक्षत्र के दिन रंग खेलने की शुरू हुई वह परंपरा आज भी गंगा मेला के रूप में यहां पर अपना जलवा बिखेरती है. इस बार भी हटिया के रज्जन बाबू पार्क में मंगलवार सुबह झंडारोहण होगा.
इसके बाद क्रांतिकारियों के शिलालेख पर पुष्पांजलि होगी और फिर यहां से ऐतिहासिक रंगों का ठेला निकलेगा, जिसमें घोड़े, ऊंट, भैंसा ठेला, लोडर आदि सब शामिल होंगे. रंगों का ठेला अपने परंपरागत रूट से निकलकर वापस हटिया में समाप्त होगा, जिसको लेकर सोमवार को यहां पर सुबह से तैयारियां चलती रहीं.
पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल पहुंचे हटिया
गंगा मेला से पहले पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने सरसैया घाट और हटिया का निरीक्षण किया. हटिया में रज्जन बाबू पार्क पहुंचकर पुलिस कमिश्नर ने गंगा मेला के आयोजन के बारे में जाना और यहां पर सुरक्षा की स्थितियों को भी परखा. इस दौरान यहां पर आसपास सीसीटीवी लगाने केा लेकर भी कहा गया, जिससे कि यहां पर आने वाली भीड़ पर नजर रखी जा सके. रंगों का ठेला जिस रूट से जाएगा, उसका भी मुआयना किया गया. यहां पर हटिया होली महोत्सव गंगा मेला कमेटी के संयोजक ज्ञानेंद्र विश्नोई के साथ क्रांतिकारियेां के शिलालेख से लेकर झंडारोहण स्थल का भी मुआयना किया. इस दौरान गंगा मेला के इतिहास की जानकारी की गई. बताया गया कि पूरे आयोजन में व्यापक फोर्स तैनात रहेगी. गंगा मेला को लेकर रूट डायवर्जन भी किया गया है, जो प्रभावी रहेगा, ऐसे में लोगों से रूट डायवर्जन को फॉलो करने को कहा गया है.
बिरहाना रोड पर फोड़ी जाएगी मटकी
गंगा मेला पर हटिया से जहां ऐतिहासिक रंगों का ठेला निकलेगा. वहीं बिरहाना रोड पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन होता है. इसको लेकर बिरहाना रोड पर तैयारियां शुरू हो गई हैं. बिरहाना रोड नवयुवक संघ की तरफ से होने वाले इस आयोजन में कानपुर के होरियारों की टोलियां जुटती हैं. दोपहर तक यहां पर हजारों होरियारों की भीड़ जुटकर मटकी फोड़ने की जद्दोजहद करती है. इस दौरान तेज म्यूजिक पर हर तरफ से रंगों के साथ पानी की बारिश होती रहती है. जिसमें जमकर धमाल मचता है. इसके बाद जैसे ही यहां पर रंगों का ठेला पहुंचता है तो गंगा मेला का उत्साह और बढ़ जाता है.बिरहाना रोड नवयुवक संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि इस बार आयोजन का 27वां वर्ष है, इसको लेकर सभी में उत्साह है.

