ABC News: आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया. यहां पर एक पटाखा फैक्टरी में धमाके के बाद 18 लोगों की मौत होने की खबर आ रही है. धमाके में गंभीर रूप से घायल कई लोगों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.धमाके में घायल हुए छह लोगों की हालत गंभीर है.

वहीं, पटाखा फैक्टरी में धमाके पर राज्य के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने दुख जताया. अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में नायडू ने लिखा, काकीनाडा जिले के वेतलापलेम गांव में एक पटाखा बनाने वाली यूनिट में हुए धमाके की खबर विचलित करने वाली है. इस हादसे में कई लोगों की जान गई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने हादसे के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली है और उन्हें पीड़ितों को हरसंभव मदद मुहैया कराने का निर्देश दिया गया है. सीएम नायडू ने कहा, राहत और बचाव कार्यों पर सरकार नजर रख रही है. स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, जब धमाका हुआ उस समय पटाखा बनाने वाली इस फैक्टरी में 20 लोग काम कर रहे थे. मुख्यमंत्री ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों को घटनास्थल पर जाने के निर्देश दिए हैं.

