ABC News: टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का निधन हो गया है. वो बीते काफी लंबे समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे. 21 फरवरी को उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई थी, जिसके बाद उनको ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया और वहीं उनका इलाज चल रहा था. 27 फरवरी, शुक्रवार की सुबह 4 बजकर 36 मिनट पर अंतिम सांस ली. इस खबर के सामने आते ही पूरे क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई. बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया की तरफ से भी इसको लेकर दुख जाहिर किया गया है.

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इस मुश्किल घड़ी में बोर्ड को रिंकू के साथ खड़ा बताया. आईएएनएस के साथ खास बातचीत में उन्होंने कहा, “मैं मुश्किल समय में बीसीसीआई की तरफ से रिंकू सिंह और उनके पूरे परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. रिंकू सुबह 5 बजे चेन्नई से दिल्ली पहुंचे और ग्रेटर नोएडा के अस्पताल गए.” देवजीत सैकिया ने रिंकू सिंह को लेकर एक और बड़ा अपडेट दिया है, जिसमें उन्होंने ये कंफर्म किया कि वो सुपर 8 के अगले मुकाबले के लिए वो उपलब्ध नहीं होंगे. रिंकू सिंह टीम इंडिया के साथ कोलकाता नहीं जाएंगे. उन्होंने कहा, इसको लेकर जल्द ही अपडेट जारी की जाएगी. देवजीत सैकिया ने बताया कि रिंकू वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 का अगला मैच नहीं खेलेंगे. फिलहाल वह पूरे वर्ल्ड कप से बाहर नहीं हुए हैं. मेन इन ब्लू को वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबला कोलकाता में खेलना है. बताते चलें कि यह मैच टीम इंडिया के लिए वर्चुअल क्वार्टर फाइनल के रूप में होगा. इस मैच में जीत दर्ज करने वाली टीम ग्रुप-1 से दूसरी सेमीफाइनलिस्ट बनेगी. इससे पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच के बाद भी रिंकू पिता को देखने के लिए नोएडा आए थे लेकिन फिर दोबारा टीम के साथ जुड़ गए थे. टीम इंडिया के लिए वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाला मुकाबला काफी अहम होगा. वो एक वर्चुअल क्वार्टर फाइनल के तौर पर देखा जा रहा है. जो भी टीम उस मैच में जीत हासिल करेगी वो सीधे तौर पर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी.

