ABC News: राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज में बड़ा हादसा हो गया. जौखंडी गांव में सोमवार शाम 4:30 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई. बताया जा रहा है कि दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई व कई घायल हुए हैं. आठ यात्रियों की हालत गंभीर है उन्हें ट्राॅमा सेंटर में भर्ती करवाया गया है. हादसे के समय बस में 40 लोग सवार थे. मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने किसी से तरह से बस में फंसे लोगों को निकाला.
थाना गोसांईगंज क्षेत्रान्तर्गत हुयी बस दुर्घटना के संबंध में @DCP_South निपुण अग्रवाल द्वारा दी गयी बाइट।@Uppolice @UPGovt pic.twitter.com/4gT5jYnMd2
— LUCKNOW POLICE (@lkopolice) February 23, 2026
जो डबल डेकर बस पलटी है, वह पंजाब के लुधियाना से बिहार के दरभंगा जा रही थी. बस अनियंत्रित होकर पलटने का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है. इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने बताया कि ड्राइवर को नींद आ जाने से हादसा हुआ है. राहगीरों ने सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची गोसाईगंज पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा है. टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं. मौके पर पहुंचे पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) दक्षिण निपुण अग्रवाल ने बताया कि हादसे में कुल पांच लोगों की मौत हुई हैं. मृतकों में एक महिला एक पुरुष व तीन बच्चे शामिल हैं. घायलों को इलाज के लिए पीजीआइ और केजीएमयू भेजा गया है. हादसे में मृतकों के साथ ही घायलों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है. केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती मुख्ताज पुत्र हिलाल – 30 वर्ष निशा पुत्री विकास – 20 वर्ष विकास पुत्र रामकेवल – 22 वर्ष रूपेश पुत्र राजमंडल – 25 वर्ष अजय पुत्र भोला – 30 वर्ष चांदनी पत्नी श्याम रावत – 54 वर्ष रीता पत्नी श्याम रावत – 50 वर्ष सुलेखा पत्नी महेश – 30 वर्ष फरमान – 28 वर्ष. घटना की सूचना पर जिलाधिकारी विशाख जी, पुलिस आयुक्त अमरेंद्र सेंगर गोसाईगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. यहां पर घायलों के इलाज की समूुचित व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं.

