ABC News: घाटमपुर में शादी समारोह से लौट रहे वायुसैनिक के साथ यहां के दरोगा और पुलिसकर्मियों ने न केवल अभद्रता की बल्कि थाने लाकर उसके साथ मारपीट की गई. मामला वायरल होते ही डीसीपी साउथ ने पूरे मामले में जांच बैठा दी है. डीसीपी साउथ का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा.
घाटमपुर निवासी नितीश सचान ने बताया कि वह वायुसेना में कार्पुरल हैं और गुजरात के जामनगर में तैनात हैं. परिवार में शादी समारोह होने पर वह घाटमपुर आए थे. बीती 19 फरवरी को इलाके के एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह से पैदल घर जा रहे थे. आरोप है कि यहीं पर एक नर्सिंग होम के सामने सब इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल थाने की बोलेरो कार से आए और उन्हें रोककर पूछताछ करने लगे.
जब उन्होंने परिचय देते हुए समारोह से घर लौटने की बात कही तो आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता की. जब उन्होंने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाया तो दरोगा ने चौकी प्रभारी समेत दो और दरोगा को बुला लिया और मोबाइल का लॉक खोलने का दबाव बनाया. आरोप है कि बात न मानने पर उन्हें जबरन बोलेरो में बैठाकर थाने ले जाया गया. जहां उन्हें जमकर पीटा गया.
सुबह परिजनों के थाने आने पर शांति भंग में चालान कर उन्हें छोड़ दिया गया. आरोप है कि पुलिस की पिटाई से उनके कान का पर्दा भी फट गया. डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि एडीसीपी साउथ को मामले की जांच सौंपी गई है, जांच रिपेार्ट आने के बाद दोषी पर एक्शन होगा.

