ABC News: कानपुर में इस बार फरवरी के महीने में ही तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर सकता है. रविवार को कानपुर में अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जोकि सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा है. वहीं, रात में पछुआ हवाओं के चलने की वजह से न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस पर रहा, जोकि सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम विशेषज्ञों ने फरवरी में पड़ रही इस तरह की गर्मी को लेकर चिंता जाहिर की है. उनका कहना है कि वर्तमान में चल रही उत्तर पश्चिमी हवाएं तापमान को थोड़ा बहुत नियंत्रित कर रही हैं लेकिन फरवरी के अंत तक कानपुर का पारा 32 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. इन स्थितियों को किसानों के लिए भी काफी चिंताजनक बताया गया है और गेहूं की फसल के लिए इसे मुुफीद नहीं माना गया है. मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि अब आसमान से बादल छंट चुके हैं, जिससे दिन में तेज धूप का एहसास होगा.

