ABC News: किदवईनगर पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो रूपए लेकर फर्जी डिग्री, माइग्रेशन सर्टिफिकेट से लेकर मार्कशीट आदि प्रदान करता था. पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर इनके पास से 900 से ज्यादा फर्जी डिग्री, माइग्रेशन सर्टिफिकेट और मार्कशीट के अलावा सील और मोहरें बरामद की हैं.
बताया जा रहा है कि गिरोह का कनेक्शन नौ राज्यों की युनिवर्सिटीज़ में फैला था. वहां के बाबूओं के साथ मिलीभगत कर गिरोह अब तक करोड़ों के वारे न्यारे कर चुका है. पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि किदवईनगर पुलिस ने गिरोह के सरगना शैलेंद्र समेत चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. अभी पांच सदस्य फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है. गिरोह के सदस्यों ने सेल ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशन नाम से आफिस खोला था. यह लोग उन लोगों को फर्जी मार्कशीट, माइग्रेशन सर्टिफिकेट से लेकर डिग्री देते थे, जो बिना पढ़ाई के और रूपए देकर उसे हासिल करना चाहते थे. इसमें बी फार्मा, डी फार्मा से लेकर बीटेक की डिग्री के लिए ढाई लाख रूपए, एलएलबी की डिग्री के लिए डेढ लाख और हाईस्कूल, इंटर की मार्कशीट के लिए 50 से 75 हजार रूपए वसूल किए जाते थे. गिरोह का नेटवर्क आंध्र प्रदेश, झारखंड, यूपी, राजस्थान, दिल्ली, छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों की युनिवर्सिटी में था.
पकड़ा गया सरगना शैलेंद्र एमएससी किए है और मैथ का टीचर था. शुरूआत में यह बच्चों के प्राइवेट फॉर्म भरवाता था. गिरोह ने 10 लोगों को फर्जी वकालत की भी डिग्री दी है. कुछ समय पहले हरबंश मोहाल के एक होटल में जिस आनंद श्रीवास्तव नाम के शख्स का शव मिला था, वह भी इसी गिरोह का था. इसी तरह रनिया निवासी दिलीप भी इसी गिरोह से जुड़ा था, उसकी भी अब मौत हो चुकी है. पुलिस कमिश्नर ने बताया कि शैलेंद्र की छह संपत्ति और दो वाहन चिंह्ति किए गए हैं इसके अलावा करीब 60 लाख रूपए के पोस्ट डेडेट चेक भी मिले हैं. सीएसजेएम विश्वविद्यालय के माइग्रेशन सर्टिफिकेट से लेकर रजिस्ट्रार की सील भी इनके पास से बरामद हुई है.उन्होंने बताया कि अब पुलिस टीम संबंधित यूनिवर्सिटी जाकर जांच पड़ताल करेगी.

