ABC News: सनातन धर्म के लोगों के लिए उत्तराखंड में स्थित केदारनाथ मंदिर का खास महत्व है, जिसे 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक माना जाता है. हर साल बाबा केदार के दर्शन करने के लिए दूर-दूर से भक्तजन यहां पहुंचते हैं. हालांकि, केदारनाथ धाम के कपाट केवल 6 महीने के लिए ही खुलते हैं. इसलिए इस दौरान श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ मंदिर में देखने को मिलती है.
आस्था, तप और अखंड श्रद्धा की त्रिवेणी से अनुप्राणित, द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक देवाधिदेव महादेव की पावन धरा श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल 2026 को परंपरागत विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) February 15, 2026
चारधाम यात्रा को इस वर्ष भी… pic.twitter.com/6nHqzEFJoF
हर साल बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति द्वारा औपचारिक रूप से मंदिर के खुलने और बंद करने की तारीख व समय की घोषणा की जाती है. साल 2026 में केदारनाथ मंदिर के कपाट कब खुलेंगे, इसकी घोषणा आज 15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि के पावन दिन हो गई है. घोषणा के अनुसार, 22 अप्रैल 2026, वार बुधवार को बाबा केदार के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे. इस दिन सुबह 8 बजे से मंदिर में भक्तों की भीड़ देखने को मिलेगी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के जनसंपर्क अधिकारी डॉ.हरीश गौड़ ने बताया कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में परंपरागत पूजा-अर्चना के बाद धर्माचार्यों और वेदपाठियों ने पंचांग गणना कर कपाट खुलने का मुहूर्त निकाला. बता दें कि केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की सही तिथि के बाद चारधाम यात्रा की सभी तिथियों की भी घोषणा हो गई है. 22 अप्रैल 2026 को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के अगले दिन यानी 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे, जबकि 19 अप्रैल 2026 को अक्षय तृतीया के दिन गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए जाएंगे.

