ABC News: सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को पश्चिम बंगाल में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) पर सुनवाई हुई. पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई. खास बात है कि सुनवाई के दौरान ममता बनर्जी खुद कोर्ट रूम में मौजूद रहीं. इस दौरान उन्होंने वकीलों के अलावा खुद भी अपनी बात रखी.

ममता बनर्जी ने कोर्ट में कहा कि में पश्चिम बंगाल को निशाना बनाया जा रहा है. ममता बनर्जी ने तर्क देते हुए कहा कि जब असम और अन्य उत्तरी राज्य, जहां चुनाव होने वाले हैं, वहां SIR नहीं कराया जा रहा, तो फिर सिर्फ पश्चिम बंगाल में ही यह प्रक्रिया क्यों अपनाई जा रही है? ममता बनर्जी ने एसआईआर पर सवाल उठाते हुए कहा कि शादी के बाद कोई लड़की अपने ससुराल गई है. उसके सरनेम में बदलाव हो गया तो उनको भी नोटिस भेजा गया है. ममता बनर्जी ने कहा कि हमें न्याय नहीं मिल रहा. हमने 6 लेटर चुनाव आयोग को लिखा लेकिन कोई जवाब नहीं दिया. कहा कि मैं न्याय के लिए कहां जाऊं? ममता बनर्जी ने आधार कार्ड का भी ज्रिक किया. इस पर CJI ने ममता बनर्जी को संबोधित करते हुए कहा कि आधार कार्ड के बारे में हम फिलहाल कुछ नहीं बोल सकते. क्योंकि कोर्ट ने इस पर लंबी सुनवाई की है. नाम में गलती या स्पेलिंग को लेकर जो आपकी शिकायत है, उस पर हम चुनाव आयोग से पूछेंगे. मामले में सुनवाई करते हुए सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि हम सोमवार को सुनवाई करेंगे. चुनाव आयोग ममता बनर्जी की याचिका पर जवाब दे. सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग से जवाब देने को कहा है. सोमवार को अगली सुनवाई होगी.
ममता की दलीलें
चुनाव से पहले 2 महीने में ऐसा कुछ करने की कोशिश की जा रही है, जो 2 साल में होना था. खेतीबाड़ी के मौसम में लोगों को परेशान किया जा रहा है.
24 साल बाद इसे 3 महीने में पूरा करने की जल्दबाजी क्यों है. 100 से ज्यादा लोगों की जान चली गई है. ECI की प्रताड़ना के चलते BLO की जान जा रही है.
बंगाल को निशाना बनाया जा रहा है. असम और नॉर्थ ईस्ट में ऐसा क्यों नहीं हो रहा.
SIR प्रक्रिया वोटर्स को शामिल करने नहीं बल्कि हटाने के लिए हो रही है. अब तक 58 लाख लोगों के नाम हटाए जा चुके हैं.
भाजपा ने माइक्रो ऑब्जर्वर नियुक्ति किए, जो BLO अधिकारों को दरकिनार करते हुए नाम हटा रहे हैं. नाम मिस मैच पर दिए गए नोटिस वापस लिए जाएं.
सर बेटी शादी के बाद ससुराल जाती है, वह पति का टाइटल इस्तेमाल कर रही है, यह भी मिसमैच है. कुछ बेटियां जो ससुराल चली गईं, उनके नाम भी डिलीट कर दिए गए.
पहली बार ये मौका
बता दें कि यह ऐतिहासिक मौका था. एक किसी राज्य की मुख्यमंत्री देश की सबसे बड़ी अदालत में देश के मुख्य न्यायाधीश से चुनाव आयोग की शिकायत कर रही थीं. SIR पर ममता बनर्जी के आरोपों पर सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग से जवाब देने को कहा है. सोमवार को अगली सुनवाई होगी.

