ABC News: कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर -1 के अप-लाइन पर ट्रैक निर्माण के बाद अब थर्ड रेल इंस्टॉलेशन का कार्य भी पूरा हो गया है. पहले कॉरीडोर में लगभग 3 किमी लंबे अंडरग्राउंड सेक्शन (कानपुर सेंट्रल – स्वदेशी कॉटन मिल रैम्प) में थर्ड रेल सिस्टम इन्स्टॉल करने का कार्य पूरा कर लिया है. इसके साथ ही अब कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक अप-लाइन पर मेट्रो ट्रेनों को चलाने के लिए ट्रैक के समानांतर ही थर्ड रेल पूरी तरह से तैयार है. विदित हो कि कानपुर मेट्रो की ट्रेनें 750 वोल्ट डीसी थर्ड रेल से चलती हैं. इन्हें मेट्रो स्टेशनों पर स्थापित ट्रैक्शन सब-स्टेशन से ऊर्जा मिलती है.

कॉरिडोर-1 के लगभग 8 किमी लंबे शेष सेक्शन (कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता) के अप-लाइन पर मेट्रो ट्रेनों के टेस्टिंग से पहले की तैयारी लगभग पूरी की जा चुकी है. इसके लिए उक्त सेक्शन के लगभग 3 किमी लंबे अप-लाइन टनल में ट्रैक निर्माण पूरा करने के बाद आज थर्ड रेल इंस्टॉलेशन का कार्य पूरा कर लिया गया. बारादेवी से नौबस्ता तक लगभग 5.30 किमी लंबे एलिवेटेड सेक्शन में ट्रैक निर्माण, थर्ड रेल और सिग्नलिंग उपकरणों के इंस्टॉलेशन के कार्य पहले ही पूरे किए जा चुके हैं.

थर्ड रेल की विशेषता
थर्ड रेल प्रणाली में पारंपरिक तौर पर प्रयोग होने वाली ओएचई (ओवर हेड इक्युपमेंट) प्रणाली की जगह पर ट्रैक के समानांतर बिछी हुई थर्ड रेल का प्रयोग किया जाता है. 750 वोल्ट डीसी करंट पर चलने वाली कानपुर मेट्रो ट्रेनें परिचालन हेतु इसी थर्ड रेल का प्रयोग करतीं हैं. इस सिस्टम का मेंटेनेंस कम होता है क्योंकि ट्रैक के समानांतर बिछे होने के कारण इसमें पतंगबाजी आदि कारणों से बिजली की सप्लाई ट्रिप या बाधित होने की आशंका नहीं होती. साथ ही साथ इस प्रणाली की वजह से बिजली के तारों का कोई सेटअप बाहरी तौर पर दिखाई नहीं देता, जिससे शहर के इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुंदर बनाए रखने में मदद मिलती है.

