ABC News: प्रख्यात प्ले बैंक सिंगर अरिजीत सिंह इस समय चर्चा में हैं. प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने के फैसले से हर किसी को हैरान करने वाले अरिजीत सिंह के बारे में हर कोई यही जानना चाहता है कि उन्होंने आखिरकार इतना बड़ा फैसला किस वजह से लिया हालांकि, अरिजीत संगीत बनाना जारी रखेंगे. लेकिन अरिजीत सिंह आगे क्या करेंगे, इसको लेकर अब निर्देशक अनुराग बसु ने एक बड़ी हिंट दी है. अनुराग की कई फिल्मों में अरिजीत ने गाने गाए हैं. जानिए अनुराग बसु ने अरिजीत सिंह के फ्यूचर प्लान को लेकर क्या कुछ बताया?

अनुराग बसु और अरिजीत सिंह के बीच गहरी दोस्ती है. ऐसे में जब अनुराग बसु से अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने के फैसले के बारे में पूछा गया तो निर्देशक ने कोई हैरानी नहीं जताई. बल्कि उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से ही इसका अंदाजा था. बीबीसी हिंदी से बातचीत में अनुराग बसु ने कहा कि अरिजीत सिंह के फैसले से दुनिया सदमे में थी, लेकिन मुझे जरा भी हैरानी या झटका नहीं लगा. मैं अरिजीत को लंबे समय से जानता हूं और मुझे लगता है कि वह बेहद प्रतिभाशाली हैं और सिंगिंग के अलावा भी बहुत कुछ करना चाहते हैं. अनुराग बसु ने आगे बताया कि उन्हें अरिजीत सिंह के फिल्म निर्माण के प्रति जुनून के बारे में पता था. निर्देशक ने कहा कि उन्होंने मुझसे ‘बर्फी’ में मेरा असिस्टेंट बनने के लिए कहा था. उन्हें फिल्म मेकिंग की काफी गहरी जानकारी है. इसके अलावा अरिजीत बच्चों के लिए एक स्कूल खोलना और उनके साथ समय बिताना भी पसंद करते हैं. उनकी कई योजनाएं हैं.

इसके अलावा एक सूत्र ने उसी पोर्टल को बताया कि अरिजीत ने अपनी पहली हिंदी फिल्म की शूटिंग भी शुरू कर दी है. यह एक जंगल एडवेंचर फिल्म होगी, जिसमें नवाजुद्दीन सिद्दीकी मुख्य भूमिका में हैं. शूटिंग फिलहाल शांति निकेतन में चल रही है. फिल्म की स्क्रिप्ट अरिजीत और उनकी पत्नी कोयल सिंह ने लिखी है. गौरतलब हो कि अरिजीत सिंह ने मंगलवार की रात को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए ये घोषणा की कि वो अब प्लेबैक सिंगिंग को अलविदा कह रहे हैं. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि वो संगीत बनाना जारी रखेंगे, सिर्फ प्लेबैक सिंगर के रूप में अब कोई काम नहीं करेंगे. अरिजीत ने हिंदी, बंगाली, तमिल, तेलुगु, पंजाबी और अन्य भाषाओं में कई गाने गाए हैं. उन्हें बेस्ट प्लेबैक सिंगर के लिए (पुरुष) के लिए 8 फिल्मफेयर पुरस्कार मिल चुके हैं. अब प्रशंसक यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि गायक आगे क्या करने वाले हैं.

