ABC News: ईदगाह चौराहा से ब्रह्मनगर चौराहा जाने वाले वाले रास्ते पर धंसे डॉट नाले की वजह से सड़क का बड़ा हिस्सा डैमेज होने के बाद अब यहां पर मरम्मत कार्य शुरू हो चुका है, हालांकि, नगर निगम अधिकारी डॉट नाले की मरम्मत से पहले इलाके के उन मकानों की सुरक्षा का पहले ध्यान दे रहे हैं, जो इसके ठीक किनारे पर बने हुए हैं.
आपको बता दें कि सात मकानों पर मंडराते खतरे को देखते हुए उन्हें नोटिस जारी किया गया था और कहा गया था कि रात के समय इन मकानों में न रहा जाए, जिससे कि किसी तरह की जनहानि न होने पाए, शनिवार को धंसी सड़क के दोनों तरफ गार्डर और स्टील की चादर लगाकर आसपास की जमीन को सुरक्षित किए जाने का काम किया जाता रहा, जिससे कि मरम्मत के दौरान यहां की मिट्टी न धंसके और सड़क किनारे मकानों पर भी किसी तरह की विपरीत प्रभाव न पड़े और वह सुरक्षित रहें.
नगर निगम जोन चार की अधिशाषी अभियंता मीनाक्षी अग्रवाल ने बताया कि सबसे पहले मकानों को सुरक्षित करने की तैयारी है, इसलिए गर्डर लगाकर स्टील प्लेट की दीवार खड़ी की जा रही है. इसके बाद यहां पर दो हजार एमएम व्यास के पाइप डालकर डॉट नाला की मरम्मत की जाएगी.
उन्होंने बताया कि पूरे मरम्मत कार्य में दो सप्ताह का समय लग सकता है.
वहीं स्थानीय पार्षद आलोक पांडेय ने इलाके के पूरे डॉट नाले का सर्वे कराने की मांग की है, उनका कहना है कि पहले ब्रह्मनगर, फिर रामबाग, और 80 फीट रोड में डॉट नाला धंस चुका है, ऐसे में इन लाइनों का सर्वे कराना काफी जरूरी है.

